चिन्हित अपराधों के मामलों में प्रभावी पैरवी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें अधिकारी : जलि श्रोत्रिया
अपराध नियंत्रण और नशे की रोकथाम को लेकर एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने की समीक्षा बैठक
फरीदाबाद। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अपराध नियंत्रण, चिन्हित अपराधों के मामलों, अभियोजन कार्यवाही, लंबित मामलों, नशामुक्ति अभियान तथा जिले में नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से जुड़ी कार्रवाई और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने चिन्हित अपराधों से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में जांच प्रक्रिया को गंभीरता से पूरा किया जाए तथा जहां किसी स्तर पर जांच में कमी पाई जाती है, वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मामलों में प्रभावी पैरवी, साक्ष्यों का उचित संकलन और गवाहों से संबंधित आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से की जाए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अपील की कि जिन मामलों में अपील अथवा आगे की कानूनी कार्रवाई आवश्यक है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर आगे बढ़ाया जाए। बैठक में महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित मामलों पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि संवेदनशील मामलों में जांच और कानूनी प्रक्रिया के दौरान पीडि़तों के हितों तथा सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक कानूनी सहायता एवं प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए। नशे की रोकथाम को लेकर एडीसी श्रोत्रिया ने स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में नशे की बिक्री और अवैध गतिविधियों से जुड़े संभावित स्थानों की पहचान कर वहां नियमित निगरानी एवं गश्त बढ़ाई जाए। विशेष रूप से ऐसे क्षेत्रों में रात्रि गश्त एवं पुलिस निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जहां नशे से संबंधित गतिविधियों की शिकायतें सामने आती हैं। एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने स्वास्थ्य विभाग को नशे से प्रभावित लोगों की पहचान, जांच एवं उपचार से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा संबंधित केंद्रों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नशामुक्ति एवं पुनर्वास से जुड़े केंद्रों में निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं और किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बैठक में पुलिस विभाग द्वारा नशे की रोकथाम के लिए की जा रही कार्रवाई, संभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में निगरानी, गश्त तथा संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। एडीसी ने कहा कि ऐसे क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखना जरूरी है, ताकि नशे से जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी विभागीय रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करें और बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना की नियमित समीक्षा करें। बैठक में सीईओ जिला परिषद शिखा, बडख़ल एसडीएम त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद डॉ. हनी बंसल, ज्वाइंट कमिश्नर एमसीएफ अमित मान, आरटीए सचिव मुनीश सहगल, सीटीएम अंकित कुमार व सम्बंधित अधिकारियों सहित जिला न्यायवादी व सम्बंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
