गांव चंदावली में सेवा संकल्प अभियान के तहत चला विशेष सफाई अभियान
निगम अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व स्थानीय नागरिकों ने लिया स्वच्छता अभियान में बढ़-चढक़र भाग
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद के चंदावली गांव में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विशेष सफाई अभियान चलाया गया। निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशों पर ग्रेटर फरीदाबाद जोन में नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर अमित मान के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। अभियान के दौरान नगर निगम के सफाई कर्मचारियों तथा अभियान में शामिल लोगों ने विभिन्न स्थानों पर सफाई करते हुए कूड़ा-कचरा हटाया और क्षेत्र को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाने का कार्य किया।
इस दौरान स्थानीय नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए प्रेरित किया गया। ज्वाइंट कमिश्नर अमित मान ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर फरीदाबाद के निर्माण में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। नगर निगम द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को भी इसे अपनी दैनिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और कूड़ा-कचरा इधर-उधर न डालकर निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा स्वच्छ फरीदाबाद के निर्माण में नगर निगम का सहयोग करें। सफाई अभियान में ग्रेटर फरीदाबाद नगर निगम जोन के ज्वाइंट कमिश्नर अमित मान, स्थानीय पार्षद प्रदीप टोंगर, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बलदेव अलावलपुर, जिला सचिव सुषमा यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष स्वराज सिंह, मंडल अध्यक्ष रिंकू सैनी सहित भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, नगर निगम कर्मचारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
