भूमि पूजन के साथ सेक्टर 21C में रामलीला की तैयारियाँ शुरू, 11 अक्टूबर से होगा भव्य मंचन
फरीदाबाद: आज सेक्टर 21C स्थित सामुदायिक भवन (Community Center) में आगामी रामलीला के मंचन के लिए विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया और धर्म पताका (ध्वज) स्थापित की गई। इस पावन अवसर पर सेक्टर के अनेक गणमान्य निवासी और रामभक्त उपस्थित रहे।
सेक्टर 21C RWA के प्रधान श्री महेंद्र शर्मा के विशेष प्रयासों और सहयोग से आयोजित होने जा रही यह भव्य रामलीला भगवान परशुराम रामलीला कमेटी के तत्वावधान में होगी। इसका मंचन इस वर्ष 11 अक्टूबर 2026 से 21 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। रामलीला कमेटी के प्रधान श्री सुरेश शर्मा और उप प्रधान श्री नरेश गंभीर जी के कुशल नेतृत्व में कमेटी के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता इस दिव्य कार्य को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं।
इस अवसर पर सेक्टरवासियों ने भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ माहौल को भक्तिमय कर दिया। RWA और रामलीला कमेटी ने सभी क्षेत्रवासियों को रामलीला के मंचन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करने का निमंत्रण दिया है।
