सेवा संकल्प अभियान के तहत विधायक मूलचंद ने मॉडल संस्कृति स्कूल में किया पौधारोपण

फरीदाबाद। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज बल्लभगढ़ क्षेत्र में विभिन्न जनसेवा एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में सेक्टर-10 में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं एवं आमजन को प्रसाद वितरित किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा और डॉ. प्रदीप वशिष्ठ विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सेवा भाव के साथ लोगों को प्रसाद वितरित किया तथा सभी से सामाजिक सेवा एवं जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया।

इसके साथ ही, अभियान के तहत अंबेडकर चौक स्थित मॉडल संस्कृति स्कूल में एक पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक पं. मूलचंद शर्मा ने विद्यालय परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया तथा उनके द्वारा तैयार की गई रंगोली एवं चित्रकारी का अवलोकन कर उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान बीईओ सतीश चौधरी, प्रिंसिपल रजनी शर्मा, पार्षद महेश गोयल, मार्किट कमेटी चेयरमैन संजीव बैंसला, राहुल गोयल, राजकुमार शर्मा, सुनील शास्त्री और सुनील कौशिक सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने पर जोर दिया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.