पुलिस ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए किया जागरूक
फरीदाबाद। पुलिस की ओर से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों और आपातकालीन पुलिस सहायता के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वीरवार को सामुदायिक पुलिसिंग सेल ने उड़ायन केयर कंप्यूटर लर्निंग सेंटर, बल्लभगढ़ में नशा मुक्ति एवं डायल-112 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में सामुदायिक पुलिसिंग सेल प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है। विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया गया। इस दौरान डायल-112 सेवा की उपयोगिता के बारे में भी बताया गया। पुलिस ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए डायल-112 का इस्तेमाल किया जा सकता है। विद्यार्थियों को कानून का पालन करने और सुरक्षित समाज बनाने में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया गया।
