पूर्व सरपंच के परिवार को बंधक बनाकर डेढ़ करोड़ के गहने ले उड़े चोर
फरीदाबाद। फरीदाबाद में पूर्व लेडी सरपंच के परिवार को बंधक बनाकर आरोपी डेढ़ करोड़ रुपए के गहने ले गए। इसमें 70 तोले सोना, ढ़ाई किलो चांदी शामिल है। इसके साथ ही अलमारी में रखे 3.5 लाख रुपए भी चोरी कर लिए गए। घटना बल्लभगढ़ के शाहुपुरा गांव में हुई। पूर्व सरपंच राधा रानी परिवार के साथ घर में मौजूद थीं। चार-पांच युवक अचानक दीवार फांदकर घर में घुस आए। कमरे में सो रहे परिजनों को कुछ पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। बाहर से कुंडी लगाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब उनके पति देवी स्वरूप उठे तो उन्हें अलमारी से गहनें और कैश गायब मिला।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सदर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। शाहुपुरा निवासी पूर्व सरपंच प्रतिनिधि देवी स्वरूप के मुताबिक, गुरुवार देर रात चोर घर की दीवार कूदकर अंदर दाखिल हुए। उस समय वह पत्नी राधा रानी और सबसे छोटे बेटे के साथ नीचे कमरे में सो रहे थे, जबकि दूसरा बेटा और उसकी पत्नी ऊपर के कमरे में थे। परिवार की एक बहू बच्चे के साथ मायके गई हुई थी। चोरों ने वारदात के दौरान परिवार के कुछ सदस्यों के कमरों को बाहर से कुंडी लगा अंदर बंद कर दिया। इसके बाद घर से सोना-चांदी व नकदी चोरी कर ले गए। पूर्व सरपंच राधा रानी ने बताया कि वह रात करीब 11 बजे सो गई थी। घर में घुसे चोरों ने उन्हें कुछ पदार्थ सुंघा दिया। सुबह जब चार बजे उनकी आंख खुली तो उठने में परेशानी हो रही थी। पति देवी भी अक्सर चार बजे उठ जाते हैं। मगर उन्हें भी उठने में परेशानी हुई। परिवार के अन्य सदस्य की आंख करीब 6 बजे खुली। देवी के अनुसार, जिस कमरे में वह सो रहे थे उसकी कुंडी सुबह खुली थी।
शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे नींद खुलने पर उन्होंने सामने वाले कमरे का दरवाजा खुला देखा। अंदर अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में ऊपर की साइड बने लॉकर से गहनें गायब थे। देवी ने बताया कि अलमारी चेक करने के बाद वे तुरंत ऊपर की मंजिल पहुंचे। यहां जिस परिवार में बेटा सोया हुआ था, उनकी कुंडी बाहर से बंद थी। इसके बाद कुंडी खोलकर पूरे घर को चेक किया गया। अलमारी में रखा साढ़े तीन लाख रुपए कैश भी गायब मिला। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
