महापौर प्रवीण बत्रा ने किया बल्क वेस्ट जनरेटर सेल्फ-रजिस्ट्रेशन पोर्टल लॉन्च

फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद द्वारा शहर में ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से बल्क वेस्ट जनरेटर सेल्फ-रजिस्ट्रेशन पोर्टल आमजन एवं संबंधित संस्थानों के लिए लाइव कर दिया गया है। इस पोर्टल का शुभारंभ नगर निगम की महापौर प्रवीण बत्रा द्वारा किया गया। इस नई पहल से शहर में कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन सुनिश्चित करने में बड़ी मदद मिलेगी।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत पात्र बल्क वेस्ट जनरेटर के लिए इस पोर्टल पर अपना सेल्फ-रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य किया गया है। पोर्टल के माध्यम से संस्थान, प्रतिष्ठान या परिसर अपनी आवश्यक जानकारी और निर्धारित विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। पोर्टल लॉन्च होने के बाद से अब तक करीब 350 बल्क वेस्ट जनरेटर अपना पंजीकरण करवा चुके हैं।

इन संस्थानों के लिए पंजीकरण है अनिवार्य
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन संस्थानों या परिसरों का फ्लोर एरिया 20 हजार वर्ग मीटर या उससे अधिक है, पानी की खपत 40 हजार लीटर प्रतिदिन या उससे अधिक है अथवा ठोस कचरा उत्पादन 100 किलोग्राम प्रतिदिन या उससे अधिक है, वे सभी बीडब्ल्यूजी श्रेणी के अंतर्गत आते हैं। इसके दायरे में सरकारी संस्थान, स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, होटल, मॉल, बाजार, हॉस्टल, बैंक्वेट हॉल, आवासीय सोसाइटी और अन्य बड़े प्रतिष्ठान शामिल हैं। संबंधित संस्थान पोर्टल पर जाकर स्वयं अपना पंजीकरण पूरा कर सकते हैं।

कचरे का उचित निस्तारण और पृथक्करण जरूरी: प्रवीण बत्रा
महापौर प्रवीण बत्रा ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर फरीदाबाद के निर्माण के लिए प्रभावी ठोस कचरा प्रबंधन बेहद आवश्यक है। इस पोर्टल के माध्यम से कचरा प्रबंधन व्यवस्था व्यवस्थित होगी और नगर निगम को निगरानी रखने, रिकॉर्ड तैयार करने तथा नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने सभी पात्र संस्थानों से अपील की है कि वे समय पर पोर्टल पर पंजीकरण करवाएं और कचरे के उचित प्रबंधन में सहयोग दें। प्रवीण बत्रा के लिए यह आवश्यक है कि वे कचरे का स्रोत पर पृथक्करण करें, सुरक्षित संग्रहण करें और अधिकृत माध्यम से उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित करें। गीले कचरे का प्रसंस्करण कम्पोस्टिंग या बायोमीथेनेशन के जरिए किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर निगम के जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव, जॉइंट कमिश्नर अमित मान, एसबीएम एक्सपर्ट कल्पना मंडल, सफाई निरीक्षक मुख्यालय बिशन तेवतिया और सफाई निरीक्षक हरवीर रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.