राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने बच्चों से किया सीधा संवाद, दी बेहतर नागरिक बनने की सीख
-अभिभावकों व शिक्षकों के संयुक्त प्रयासों से होता है बच्चों का समग्र विकास: राज्यपाल -फरीदाबाद के स्कूलों में राज्यपाल ने किया दौरा, दो स्कूलों को 10-10 लाख देने की घोषणा
फरीदाबाद। राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष ने बुधवार को फरीदाबाद जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-10 और राजकीय मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल दौलताबाद का दौरा किया। इस दौरान राज्यपाल ने स्कूलों में शिक्षा, पेयजल, साफ-सफाई और बिजली सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही, दोनों विद्यालयों की प्राइमरी विंग के क्लासरूम में जाकर बच्चों से सीधा संवाद किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में एक अच्छा व जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया।
विद्यालय परिसर में पहुंचने पर राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और हरियाणा की प्रथम महिला मित्रा घोष का डीसी आयुष सिन्हा और स्कूल मैनेजमेंट कमेटी द्वारा गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिवादन किया गया।स्कूलों का निरीक्षण करने के बाद आयोजित कार्यक्रम में अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि बच्चों का समग्र विकास तभी संभव है, जब अभिभावक और शिक्षक मिलकर अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस अवसर पर राज्यपाल ने दोनों स्कूलों में आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्टाइफंड देने तथा स्कूलों में विकास कार्यों व विभिन्न सुविधाओं के विस्तार के लिए 10-10 लाख रुपये की राशि देने की भी घोषणा की।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने अभिभावकों से आह्वान किया कि हर बच्चे में अलग-अलग प्रकार का टैलेंट होता है। कोई बच्चा खेल के क्षेत्र में बेहतर कर सकता है, तो कोई शिक्षा या अन्य कलाओं में। अभिभावकों का कर्तव्य है कि वे बच्चों की इस रुचि और प्रतिभा को पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने सलाह दी कि बच्चों को डांटने के बजाय उन्हें प्यार और दुलार के साथ सिखाएं। प्यार भरे माहौल में बच्चे बहुत जल्दी सीखते हैं और उनके व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार रखें और उनके साथ निरंतर संवाद बनाए रखें ताकि बच्चे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं साझा कर सकें।
दौरे के दौरान राज्यपाल ने कक्षाओं, पेयजल व्यवस्था और शौचालयों का निरीक्षण कर साफ-सफाई की व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। विद्यालय में खेल का मैदान न होने पर चिंता जताते हुए उन्होंने जल्द इसके प्रबंध के भी निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने मिड-डे मील की गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर फरीदाबाद के एशियन जूनियर हॉकी गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी कुणाल तेवतिया, स्कूल में आर्थिक सहयोग प्रदान करने वाले एफआईए प्रेसिडेंट राज भाटिया, इंडो ऑटोटेक डायरेक्टर सतीश जैन, एफआईए से सीएसआर पैनल चेयरमैन प्रतिनिधि सिद्धार्थ चावला और एस्कॉर्ट कुबोटा के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान एसडीएम डॉ. हन्नी बंसल, डीईओ अंशु सिंगला और डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
