मोदी जी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को समर्पित होगा एक माह का सेवा अभियान : विपुल गोयल
फरीदाबाद। भारतीय जनता पार्टी जिला फरीदाबाद कार्यालय ‘अटल कमल’ पर आयोजित प्रेस वार्ता में हरियाणा के शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा दिवस अभियान’ चलाया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस सेवा संकल्प अभियान में प्रदेश सरकार और भाजपा आमजन के साथ समन्वय कर सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगी। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में सेवा, जनकल्याण और जरूरतमंद लोगों की सहायता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग, जिला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता, जिला मीडिया सह प्रभारी नरेंद्र जैन, पार्षद गण और युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सचिन ठाकुर उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री विपुल गोयल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को होता है और भारतीय जनता पार्टी हर वर्ष इस दिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाती रही है। इस वर्ष मोदी जी के जन सेवक के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के विशेष अवसर पर सेवा दिवस के कार्यक्रमों को केवल एक दिन तक सीमित न रखते हुए पूरे एक माह तक व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। श्री गोयल ने कहा कि आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है और 5 ट्रिलियन डॉलर के अर्थव्यवस्था बनने की और अग्रसर है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ने आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है। भारत ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए विश्व शांति, सहयोग और मानव कल्याण का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, वंचित, महिला, किसान, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता दी है। 12 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला योजना, 14 करोड़ परिवारों को नल से जल, करोड़ों परिवारों को इज्जत घर, 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। कोविड-19 महामारी जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में 200 करोड़ वेक्सिन से देशवासियों को व्यापक स्तर पर सुरक्षा प्रदान की।
शहरी निकाय मंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ‘सेवा ही संकल्प और सेवा ही योगदान’ की भावना से जोडऩे का प्रयास है। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद वर्गों के जीवन में वास्तविक और सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाएगा। विपुल गोयल ने बताया कि एक माह तक चलने वाले इस व्यापक अभियान के दौरान विभिन्न स्तरों पर लगभग एक दर्जन से अधिक विशेष अभियान चलाए जाएंगे। आशीर्वाद का दीया अभियान के तहत 17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के लिए प्रदेशभर की प्रत्येक विधानसभा में घर-घर दीप जलाए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी को आशीर्वाद देना तथा उनकी दीर्घायु और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करना है। मेरे सपनों का भारत अभियान के तहत प्रदेशभर के स्कूलों में बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और विकास कार्यों को बच्चों की कल्पनाओं और रचनात्मकता के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। सेवा की कहानी अभियान के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। सेवा ज्योति कलश यात्रा विकसित भारत का संकल्प का मुख्य उददेश्य विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में सेवा यात्रा का आयोजन करना और ‘विकसित भारत 2047’ के निर्माण के लिए जन-जन को एकजुट करना है। आंगन मिलन उत्सव के तहत प्रदेश की 19365 आंगनवाड़ी केन्द्रों पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। कहानी बदलाव की अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की कहानियां प्रदेश के प्रत्येक शक्तिकेंद्र तक पहुंचाई जाएंगी।
