तीन दिवसीय गणेश महोत्सव 14 से, कैलाश खेर समेत कई कलाकार देंगे प्रस्तुति, सीएम और राज्यपाल भी होंगे शामिल

फरीदाबाद। फरीदाबाद में गणपति बप्पा के स्वागत को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की ओर से शहर में तीन दिवसीय भव्य गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव 14 से 16 सितंबर तक चलेगा। आयोजन स्थल पर भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है, जहां तीनों दिन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस बार के आयोजन में बॉलीवुड सिंगर कैलाश खेर और हरवंश रघुवंशी समेत कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। जिससे गणेश महोत्सव में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ संगीत और मनोरंजन का भी रंग देखने को मिलेगा। गणेश उत्सव की तैयारियों का जायजा लेने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल आयोजन स्थल पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में पिछले 11 वर्षों से गणेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। हर साल की तरह इस बार भी पंडाल में कुछ नया और खास देखने को मिलेगा।

आयोजन को भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। तीन दिवसीय गणेश महोत्सव में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्यपाल, सांसद, विधायक और मंत्री शामिल होंगे। इसके अलावा बड़ी संख्या में शहरवासी और श्रद्धालु भी कार्यक्रम में पहुंचेंगे। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं के बैठने, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। महोत्सव में गणपति पूजन, आरती और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। शाम के समय होने वाले संगीत कार्यक्रम लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कैलाश खेर, हरवंश रघुवंशी, प्रखर और साज मल्होत्रा समेत कई कलाकार कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देंगे। 14 सितंबर से शुरू होने वाला गणेश महोत्सव 16 सितंबर तक चलेगा। अंतिम दिन विशेष पूजा-अर्चना और आरती के साथ तीन दिवसीय आयोजन का समापन होगा। आयोजकों का कहना है कि इस बार गणेश उत्सव को पहले से ज्यादा भव्य बनाने की तैयारी की गई है। शहरवासियों को पंडाल में धार्मिक आस्था के साथ संगीत, संस्कृति और मनोरंजन का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.