एनआईटी क्षेत्र का का सर्वांगीण विकास करवाना मेरी प्राथमिकता : सतीश फागना

विधायक ने गांवों में किया विकास कार्याे का शिलान्यास

फरीदाबाद। एनआईटी फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति देते हुए विधायक सतीश कुमार फागना ने गांव धौज, कोट, मांगर और पाली में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन विकास कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, सडक़ और बेहतर आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा। विधायक सतीश कुमार फागना ने गांव धौज स्थित जीपीएस धौज में करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 20 कमरों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूरा होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और स्कूल में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। इसी क्रम में वीएएनजीवाई योजना के अंतर्गत गांव कोट में 5.34 लाख रुपये की लागत से सडक़ निर्माण कार्य तथा 34.75 लाख रुपये की लागत से कोट से मंगर जाने वाले सडक़ मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। वहीं,

गांव पाली में 12.73 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सडक़ के निर्माण कार्य की भी शुरुआत की गई। इस अवसर पर विधायक सतीश कुमार फागना ने कहा कि एनआईटी फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र में सडक़, शिक्षा, पेयजल, सीवर और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सडक़ और शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों के शिलान्यास पर विधायक सतीश कुमार फागना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.