सास-बहू का समझौता, चार साल बाद पोते से मिल सकेगी दादी

फरीदाबाद। एक बुजुर्ग महिला अपने पौत्र से मिलने के लिए चार साल से तड़प रही थी। पति और बेटे को वह पहले ही खो चुकी है। पारिवारिक कलह के कारण अलग हुई बहू और दादी के बीच कोई समझौता हो ही नहीं पा रहा था। अंत में बुजुर्ग महिला लोक अदालत पहुंची। काउंसिलिंग के जरिए सास-बहू में आपसी सहमति बनी। आखिरकार, महिला अब अपने पौत्र से कुछ शर्तों पर मिल सकेगी। पति और बेटे की मौत के बाद बुजुर्ग महिला के लिए उनका पोता ही जीवन का एकमात्र सहारा था। हालांकि, बेटे के निधन के बाद बहू बच्चे को लेकर अलग रहने चली गई और दादी की पोते से मुलाकात पूरी तरह बंद हो गई।

सामाजिक स्तर पर समझौते के प्रयास विफल होने पर दादी ने पोते से मुलाकात के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। यह मुकदमा लगभग 4 साल तक अदालत में लंबित रहा, जिस दौरान दादी लगातार पोते से मिलने की गुहार लगाती रहीं। मामला लोक अदालत में पहुंचने पर वकीलों और मध्यस्थों ने दोनों पक्षों की काउंसिलिंग की। उन्हें समझाया गया कि अतीत की कड़वाहट का असर बच्चे और दादी के रिश्ते पर नहीं पडऩा चाहिए। इस बातचीत के बाद बहू का रुख बदला और वह समझौते के लिए तैयार हो गई। काउंसिलिंग में यह तय किया गया है कि बहू अब समय-समय पर पोते को उसकी दादी से मिलाती रहेगी। वह दादी को पोते से वीडियो कॉल पर भी बात करने की अनुमति देगी। समझौते में यह भी तय हुआ है कि यदि बहू भविष्य में पुनर्विवाह भी करती है, तब भी पोते और दादी की यह मुलाकात और बातचीत जारी रहेगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.