फरीदाबाद में इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में लगी आग:उठती लपटें और धुआं देख सहमे लोग

फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ स्थित नेहरू नगर में देर रात इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने गोदाम के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम से आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत फायर विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। गोदाम में इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी रही।

आग बुझाने के लिए 7 गाड़ियों को बुलाना पड़ा। फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझाए जाने से आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों और मकानों तक आग फैलने से बच गई।

आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान जलने की बात सामने आई है। हालांकि आग में कितना सामान जला और इससे कितने रुपए का नुकसान हुआ, इसका अभी आकलन नहीं हो पाया है। गोदाम मालिक की ओर से सामान का आकलन किए जाने के बाद ही नुकसान की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की जानकारी मिल रही है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.