हमारी आंगनवाड़ी, हमारी ज़िम्मेदारी” थीम के साथ पोषण माह 2026 का शुभारंभ
फरीदाबाद । महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी ज़िम्मेदारी” थीम के साथ पोषण माह 2026 का शुभारंभ किया गया। पोषण माह 2026 का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वाराणसी से किया गया, जिसका महिला एवं बाल विकास विभाग, फरीदाबाद द्वारा वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, फरीदाबाद मीनाक्षी चौधरी के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिले की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों तथा विभागीय कर्मचारियों ने वेबकास्ट के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में सक्रिय रूप से सहभागिता की।
इस अवसर पर गीतिका, जिला संयोजक, पोषण अभियान, फरीदाबाद तथा डॉ. मंजू श्योराण, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों को पोषण माह के दौरान निर्धारित गतिविधियों को प्रभावी एवं व्यापक स्तर पर आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान पोषण माह के उद्देश्यों, महत्व तथा आगामी गतिविधियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विभाग द्वारा उपलब्ध करवाए गए मासिक गतिविधि कैलेंडर के अनुसार पोषण माह के दौरान प्रतिदिन आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के बारे में सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवगत करवाया गया। साथ ही, निर्धारित कैलेंडर के अनुसार प्रत्येक गतिविधि को उत्साहपूर्वक एवं प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि पोषण माह का उद्देश्य जन-भागीदारी के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं सहित सभी लाभार्थियों में पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा संतुलित आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से समुदाय को पोषण संबंधी व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसके साथ ही पोषण माह के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की फोटोग्राफ्स एवं आवश्यक जानकारी जन आंदोलन डैशबोर्ड पर नियमित रूप से अपलोड करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि जिले में आयोजित पोषण संबंधी गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग, प्रगति की समीक्षा एवं दस्तावेजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों को पोषण माह 2026 को जन-भागीदारी, जन-जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता के साथ व्यापक स्तर पर मनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें निर्देश दिए गए कि वे अधिक से अधिक लाभार्थियों एवं आमजन को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण संदेशों से जोड़ें तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को समुदाय के लिए जागरूकता एवं पोषण सेवाओं के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
