फरीदाबाद में गूंजेगा नेटबॉल का जोश, तीन चरणों में होगी जिला चैंपियनशिप

29 सितंबर से होगा आगाज, 10 सितंबर को बोहरा पब्लिक स्कूल में ओपन ट्रायल

फरीदाबाद। नेटबॉल एसोसिएशन ऑफ डिस्ट्रिक्ट फरीदाबाद के अध्यक्ष जसवीर सिंह ने बताया कि हरियाणा नेटबॉल एसोसिएशन की महासचिव बबीता दहिया के निर्देशानुसार खेल कैलेंडर सत्र 2026-27 के तहत प्रदेश के सभी जिलों में जिला चैंपियनशिप का आयोजन 15 अक्टूबर 2026 से पहले किया जाना अनिवार्य है। इसी क्रम में फरीदाबाद में जिला स्तरीय नेटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 29 व 30 सितंबर को बोहरा पब्लिक स्कूल, फरीदाबाद में सीनियर महिला तथा मिक्स्ड सीनियर जिला नेटबॉल चैंपियनशिप आयोजित होगी। द्वितीय चरण में 3 व 4 अक्टूबर को इसी स्कूल में जूनियर लडक़े-लड़कियों, जूनियर फास्ट-5 लडक़े-लड़कियों तथा मिक्स्ड जूनियर जिला नेटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। वहीं तृतीय चरण में 10 व 11 अक्टूबर को सब-जूनियर लडक़े-लड़कियों, सब-जूनियर फास्ट-5 लडक़े-लड़कियों तथा मिक्स्ड सब-जूनियर जिला नेटबॉल चैंपियनशिप आयोजित होगी।

इन प्रतियोगिताओं से चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में फरीदाबाद जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। जसवीर सिंह ने बताया कि जिला चैंपियनशिप में भाग लेने के इच्छुक खिलाडिय़ों के लिए 10 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे बोहरा पब्लिक स्कूल, फरीदाबाद में ओपन ट्रायल एवं कैंप आयोजित किया जाएगा। सभी ब्लॉकों के खिलाडिय़ों का संयुक्त कोचिंग कैंप भी 10 सितंबर से इसी स्थान पर शुरू होगा। उन्होंने बताया कि जिला चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने वाले प्रत्येक खिलाड़ी के लिए कोचिंग कैंप में न्यूनतम 20 दिन उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। इससे कम उपस्थिति होने पर खिलाड़ी जिला स्तर पर चयन के लिए पात्र नहीं माना जाएगा। प्रथम चरण की प्रतियोगिता के लिए सभी ब्लॉकों की टीमों का फाइनल ट्रायल 28 सितंबर, द्वितीय चरण के लिए 2 अक्टूबर तथा तृतीय चरण के लिए 9 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। जिला चैंपियनशिप के बाद राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के लिए चयनित खिलाडिय़ों का विशेष कोचिंग कैंप लगाया जाएगा।

इसमें भी खिलाडिय़ों की न्यूनतम 20 दिन की उपस्थिति अनिवार्य होगी। निर्धारित अवधि तक उपस्थित नहीं रहने पर चयन निरस्त किया जा सकता है। अध्यक्ष जसवीर सिंह ने खिलाडिय़ों से निर्धारित समय पर ट्रायल स्थल पर पहुंचने की अपील की। उन्होंने बताया कि ट्रायल के दौरान प्रत्येक खिलाड़ी को नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (हृस्नढ्ढ) सत्र 2026-27 की रजिस्ट्रेशन स्लिप, आधार कार्ड की मूल प्रति एवं फोटोकॉपी तथा जन्म प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में किसी भी खिलाड़ी को ट्रायल में शामिल नहीं किया जाएगा। जसवीर सिंह ने कहा कि फरीदाबाद जिले में नेटबॉल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और इस बार जिले की टीम राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर नया इतिहास रचेगी। चैंपियनशिप से संबंधित अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी जिला प्रभारी कुसुम शर्मा से संपर्क कर सकते हैं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.