एनआईटी में भ्रष्टाचार का जन्मदाता रहा पूर्वमंत्री का परिवार : धर्मबीर भड़ाना

भाजपा जिला उपाध्यक्ष नेता बोले, पूर्वांचल समाज की आड़ में राजनैतिक रोटियां सेक रहे कांग्रेस विधायक

फरीदाबाद। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष धर्मबीर भड़ाना ने कहा है कि विकास का दूसरा नाम भारतीय जनता पार्टी है, पिछले 12 सालों में भाजपा सरकार ने विकास के मामले में देश-प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया है। कांग्रेसी भाजपा द्वारा किए जा रहे विकास को पचा नहीं पा रहे है इसलिए अनाप-शनाप बयानबाजी करके विकास में बाधक बन रहे है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूर्वमंत्री का परिवार भ्रष्टाचार का जन्मदाता रहा है, चाचा चौक से सोहना रोड और सोहना चौक से चाचा चौक की सडक़ों को दो-दो बनवाकर सरेआम भ्रष्टाचार मचाया गया, आज वह विकास की बातें शोभा नहीं देते। श्री भड़ाना ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक पूर्वाचल समाज को अपनी राजनीति का अखाड़ा बनाए हुए और उन्हें भ्रमित कर रहे है।

उन्होंने कहा कि जब पूर्वमंत्री का परिवार सत्ता में था तो वह यह बताएं कि पूर्वांचल समाज के कितने युवाओं को रोजगार दिया गया, कितने पूर्वांचल समाज के लोगों को सरकार से आर्थिक सहायता दिलाई गई, आज जब विधायक महोदय पर कोई मुद्दा नही बचा तो वह पूर्वाचल समाज को भ्रमित कर उनके माध्यम से अपनी राजनीति चमकाने में लगे है, जबकि सच्चाई यह है कि इन लोगों ने पूर्वांचल समाज को लेकर वोटबैंक के रुप में इस्तेमाल किया है।  धर्मवीर भड़ाना ने कहा कि पूर्व विधायक अब पूर्वांचल की जनता को भडक़ा रहे हैं और उनका ये खेल भी खराब होना तय है क्योंकि पूर्वांचल के लोग शिक्षित हैं और अपना भला बुरा जानते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री परिवार ने पूर्वांचल के लोगों को जो जख्म दिया है उसका नतीजा  है कि पिछले चुनावों में वे एनआईटी में बुरी तरह से चुनाव हार गए।

श्री भड़ाना ने केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री एवं फरीदाबाद के सांसद कृष्णपाल गुर्जर को विकासपुरुष की संज्ञा देते हुए कहा कि पिछले 12 सालों के दौरान उन्होंने फरीदाबाद में समान रुप से विकास करवाया। चाहे सडक़ें, पानी, सीवरेज या अन्य मूलभूत सुविधाओं की बात रही है, श्री गुर्जर ने समान रुप से सभी वर्गाे के हितों के लिए कार्य किए। उन्होंने कहा कि अब फरीदाबाद जिले के तमाम बिजली के तारों को दो हजार करोड़ की परियोजना के तहत अंडरग्राउंड किया जाएगा, जिससे शहर के लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने ऐसे अनेकों कार्य फरीदाबाद में करवाए है, जिसके चलते जिलेवासी उन्हें हमेशा याद रखेेंगे।  उन्होंने कहा कि श्री गुर्जर झूठ की राजनीति नहीं करते बल्कि जनता के दिलों में बसते है, यही कारण है कि इस जिले की जनता ने तीसरी बार उन्हें अपना जनप्रतिनिधि चुनकर देश की सबसे बड़ी पंचायत में भेजा है और मंत्री श्री गुर्जर ने भी जनता का यह ऋण जिले में अथक विकास कार्य करवाकर उतारने का काम किया है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.