दशनाम गोस्वामी समाज फरीदाबाद ने धूमधाम से मनाई गोस्वामी तुलसीदास जयंती
फरीदाबाद। दशनाम गोस्वामी समाज फरीदाबाद के लिए रविवार का दिन गौरव और उत्साह से भरा रहा। समाज के विधिवत पंजीकरण के उपरांत गोस्वामी समाज की ओर से महान संत एवं रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती फरीदाबाद वाईएमसीए चौक स्थित ग्रांड हाईवे होटल में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। तत्पश्चात कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोगों योगेश गोस्वामी, भरत गिरि, पूर्व पार्षद दयाशंकर गिरि, लक्ष्मण गिरी, डॉ मुकेश गिरि, राजेन्द्र भारती, प्रमोद गिरी द्वारा दशनाम गोस्वामी समाज फरीदाबाद के पदाधिकारियों अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार गिरी, उपाध्यक्ष विनय गिरी, प्रोमोद गोस्वामी सचिव, अभिषेक गोस्वामी सह-सचिव, डॉ प्रशांत गिरी कोषाध्यक्ष, मामन गिरी सदस्य, प्रोमोद गोस्वामी सदस्य के रूप में नामों की घोषणा हुई एवं बड़ी संख्या में समाज के बंधुओं ने हिस्सा लिया।
उपस्थित लोगों ने गोस्वामी तुलसीदास जी के जीवन, उनके साहित्य, सामाजिक संदेश एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर परं दशनाम गोस्वामी समाज फरीदाबाद के पंजीकरण को समाज की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा गया कि संगठन के माध्यम से समाज के लोगों को एकजुट करने, युवाओं को आगे बढ़ाने तथा समाज के हित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान समाज की वर्तमान स्थिति और भविष्य की दिशा को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने, सामाजिक एकता मजबूत करने तथा प्रतिभावान बच्चों एवं युवाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
साथ ही समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने और आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष तक सीमित न रहकर पूरे दशनाम गोस्वामी समाज के हितों की आवाज को मजबूती से उठाना है। समाज के हर वर्ग और हर जरूरतमंद व्यक्ति को साथ लेकर आगे बढऩे का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित समाज बंधुओं ने संगठन को मजबूत बनाने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन गोस्वामी तुलसीदास जी के आदर्शों एवं उनके बताए मार्ग पर चलने के आह्वान के साथ हुआ। साथ ही आयोजन में उपस्थित जवाहर लाल गोस्वामी, मुकेश गिरि, अवधेश गिरि, उदय गिरि, नरेश पुरी, आयांश भारती, भरत गिरी, वासुदेव गिरी, अखिलेश, राजीव गिरी, विनोद गिरि, रामसुखद गिरि, अशोक पूरी, आनंद पुरी, अभिषेक गिरि, लक्ष्मण गिरि, सुरेंद्र गोस्वामी आदि सभी उपस्थित हुए समस्त दशनाम गोस्वामी समाज फरीदाबाद बंधुओं का धन्यवाद किया।
