समाजसेवी पंकज गर्ग के निवास पर पहुँचे विश्वप्रसन्न तीर्थ स्वामी
फरीदाबाद। परम पूज्य श्री विश्वप्रसन्न तीर्थ स्वामी जी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य धर्म, सेवा और संस्कारों के मार्ग पर चलकर समाज में सद्भाव, राष्ट्रभक्ति और मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराएं समाज को एकजुट रखने की सबसे बड़ी शक्ति हैं। स्वामी जी ने सभी श्रद्धालुओं को सेवा, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। स्वामी जी फरीदाबाद के प्रसिद्ध उद्योगपति पंकज गर्ग के सेक्टर-9 स्थित निवास पर पधारे, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु, उद्योगपति एवं गणमान्य नागरिक उनके दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचे। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर पंकज गर्ग ने कहा कि उनके परिवार के लिए यह अत्यंत सौभाग्य और गौरव का क्षण है कि परम पूज्य श्री विश्वप्रसन्न तीर्थ स्वामी जी का पावन सान्निध्य और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे संतों का आशीर्वाद जीवन को नई दिशा और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। स्वामी जी का घर पधारना उनके परिवार के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। आरोहण ट्रस्ट, फरीदाबाद की अध्यक्ष नेहा गर्ग ने कहा कि संतों का सान्निध्य समाज में सेवा, करुणा और संस्कारों की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि स्वामी जी के आशीर्वाद से समाजसेवा के कार्यों को नई प्रेरणा मिलेगी। बताते चले कि परम पूज्य श्री विश्वप्रसन्न तीर्थ स्वामी जी उडुपी के प्रतिष्ठित मठ के प्रमुख होने के साथ-साथ श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के मार्गदर्शक सदस्य भी हैं। उनका घर पधारना पूरे परिवार के लिए अत्यंत आनंद एवं सौभाग्य का विषय है। इस अवसर पर दिनेश अग्रवाल, वेद बंसल, ईश्वर दयाल, हरीश सिंगला, राजेश सिंगला एवं सुधीर गर्ग सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
