करंट लगने से युवक की मौत, डीजे पर स्पीकर लगाते समय हादसा

फरीदाबाद। छायंसा गांव में बीती देर रात 25 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव छायंसा निवासी आनंद के रूप में हुई है। आनंद डीजे का काम करता था। इसी के चलते वह रात के समय अपने डीजे का सामान तैयार कर रहा था, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। छायसां थाना पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आनंद पिछले कई सालों से डीजे का काम कर रहा था। वह रात के समय अपने डीजे पर बॉक्स और अन्य सामान चढ़ा रहा था। इसी दौरान डीजे के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज लाइन के संपर्क में आने से उसे तेज करंट लग गया।

करंट लगते ही आनंद गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत आनंद को उपचार के लिए फरीदाबाद के सेक्टर-8 स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। परिजनों को उम्मीद थी कि समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बचाई जा सकेगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद आनंद को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा आनंद को मृत घोषित किए जाने की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। छायसां थाना इंचार्ज गोपाल दास ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई है और मामले की जांच की जा रही है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.