शहीदों के बलिदान से मिली आजादी, उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी: विपुल गोयल
फरीदाबाद। जिले में भारत का 80 वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पूर्व उन्होंने शहीद स्मारक पहुंचकर अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
ध्वजारोहण के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए विपुल गोयल ने स्वतंत्रता सेनानियों, वीर जवानों और उनके परिवारों को नमन किया। उन्होंने कहा कि वीरों के त्याग की स्मृति में अंबाला छावनी में भव्य शहीद स्मारक बनाया जा रहा है। सरकार शहीद परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और बीते 12 वर्षों में 425 शहीदों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
प्रदेश के विकास और जनकल्याणकारी नीतियों का उल्लेख करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्ष 2026-27 में हरियाणा का जीएसडीपी लगभग 15.18 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। उन्होंने जींद-सोनीपत के बीच देश की पहली स्वदेशी ‘हाइड्रोजन ट्रेन’ के संचालन को राज्य की तकनीकी क्षमता का प्रतीक बताया। इसके साथ ही उन्होंने लाडो लक्ष्मी योजना (2,100 प्रतिमाह), मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना (71,000) तथा ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ जैसी प्रमुख पहलों पर प्रकाश डाला। उन्होंने समारोह में भाग लेने वाले सभी स्कूली विद्यार्थियों को स्पोर्ट्स शूज देने और सोमवार को सभी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की।
इस अवसर पर मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, डिविजनल कमिश्नर संजय जून, डीसी आयुष सिन्हा, एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, पुलिस अधिकारी गण व शहीद परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।
