स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा के मद्देनजर फरीदाबाद पुलिस अलर्ट, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर पैनी नजर

होटल, गेस्ट हाउस, ओयो, धर्मशाला, मॉल, सिनेमा हॉल, मेट्रो स्टेशन व बस स्टैंड पर विशेष चेकिंग

फरीदाबाद।  स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी पुलिस उपायुक्तों एवं थाना प्रबंधकों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस द्वारा शहर एवं जिले के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार चेकिंग की जा रही है। किरायेदारों एवं घरेलू सहायकों के सत्यापन के साथ-साथ मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड, साइबर कैफे, होटल, ढाबे, गेस्ट हाउस, ओयो, धर्मशाला, सराय, पार्किंग स्थल, मॉल, सिनेमा हॉल, बाजार तथा अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा एजेंट व सीआईडी कर्मचारियों की जोनवार टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों द्वारा जोन एवं थाना स्तर पर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार चेकिंग एवं निगरानी की जा रही है। सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्र में लगातार गश्त करें और संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यकतानुसार नाकाबंदी एवं चेकिंग सुनिश्चित करें। पुलिस टीमों द्वारा होटल, गेस्ट हाउस, ओयो, धर्मशाला एवं अन्य ठहरने के स्थानों पर आने-जाने वाले लोगों की जानकारी की जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त साइबर कैफे, मॉल, सिनेमा हॉल, बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन, बाजार एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के लिए तकनीकी संसाधनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी फरीदाबाद पुलिस की नजर है। किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा पड़ोसी जिलों एवं साथ लगते राज्यों की पुलिस के साथ भी लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों से संबंधित सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान किया जा सके। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर फरीदाबाद जिले की सीमाओं पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत 11 स्थानों पर इंटरस्टेट नाकाबंदी की गई है। इन नाकों पर पुलिस द्वारा आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच की जा रही है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.