जलाभिषेक को लेकर पुलिस अलर्ट, बढ़ाई फोर्स
सर्विस रोड से आमजन का आवागमन बंद
फरीदाबाद। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों के बीच कांवड़ यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवभक्त फरीदाबाद पहुंच रहे हैं। मंगलवार को सावन के पावन अवसर पर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। इसे देखते हुए फरीदाबाद पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर खास इंतजाम किए हैं। नेशनल हाईवे के सर्विस रोड को आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस रास्ते को फिलहाल केवल कांवडिय़ों के आवागमन के लिए खोला गया है। हाईवे के कटों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आगरा नहर के साथ भी पुलिस बल बढ़ाया गया है। स्थानीय पुलिस, क्राइम ब्रांच, ट्रेफिक पुलिस , वालंटियर, सहित 2 हजार पुलिस कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों में कांवडिय़ों की संख्या काफी बढऩे की संभावना है।
फरीदाबाद से बड़ी संख्या में शिवभक्त गुरुग्राम और मथुरा की तरफ जा रहे हैं। डाक कांवड़ को देखते हुए पुलिस ने विशेष तैयारियां की हैं। जलाभिषेक को लेकर रात के समय पुलिस की पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है। पुलिसकर्मी हाईवे, आगरा नहर और कांवडिय़ों के प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। यह व्यवस्था मंगलवार को जलाभिषेक तक जारी रहेगी। फरीदाबाद के आदर्श नगर से हरिद्वार के लिए निकले शिवभक्त कई दिनों की कठिन यात्रा पूरी कर गंगाजल लेकर वापस अपने गंतव्य तक पहुंच चुके हैं। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से होते हुए कांवडिय़ों का कारवां अब फरीदाबाद पहुंचा है। शिवभक्तों का कहना है कि यात्रा के दौरान कई मुश्किलें आईं, लेकिन भोलेनाथ की भक्ति और आस्था के आगे हर परेशानी छोटी लगने लगी। अब मंगलवार को भगवान शिव को गंगाजल अर्पित कर अपनी मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करेंगे।
