बारिश ने खोली सूरजकुंड रोड की पोल, पुलिया का बड़ा हिस्सा धंसा
फरीदाबाद। दो दिन हुई लगातार वर्षा की वजह से सूरजकुंड रोड पर पुलिया का बड़ा हिस्सा धंस गया है। यह हिस्सा सिद्वदाता आश्रम और एमवीएन के बीच में है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है। सडक़ धंसने के कारण मार्ग की हालत खराब हो गई है और यहां किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी हुई है। रात के समय समस्या और बढ़ जाएगी, क्योंकि सडक़ के क्षतिग्रस्त हिस्से को दूर से आसानी से देखा नहीं जा सकता। वैसे भी इस सडक़ पर अंधेरा रहता है। वाहन चालकों के अनुसार वर्षा के दौरान शहर की कई सडक़ों की गुणवत्ता की पोल खुलकर सामने आ गई है। सूरजकुंड क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है।
ऐसे में सडक़ का धंसना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर धंसे हुए हिस्से की तुरंत मरम्मत कराए और सडक़ के नीचे की स्थिति की भी जांच की जाए, ताकि दोबारा सडक़ धंसने की समस्या न हो। लोगों का कहना है कि केवल गड्ढे को भरकर खानापूर्ति करने के बजाय सडक़ धंसने के कारणों की जांच की जानी चाहिए। यदि पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है या सडक़ के नीचे मिट्टी कमजोर हो गई है तो उसका भी स्थायी समाधान जरूरी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले सडक़ को सुरक्षित बनाया जा सके। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के अनुसार धंसे हुए हिस्से को जल्द ठीक करा दिया जाएगा।
