फरीदाबाद में दो दिन बंद रहेगी जल आपूर्ति
फरीदाबाद जिले की बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र की कई कॉलोनियों और फरीदाबाद के विभिन्न सेक्टरों में रहने वाले लोगों को अगले दो दिनों तक पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है।
फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 2 अगस्त की रात से 48 घंटे तक जलापूर्ति बाधित रहेगी। विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे पहले से ही अपनी जरूरत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में पानी स्टोर कर लें, ताकि जलापूर्ति बंद रहने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एफएमडीए के अनुसार रैनी वेल वाटर सप्लाई लाइन नंबर-2 को लाइन नंबर-1 और लाइन नंबर-2 से जोड़ने (इंटरकनेक्शन) का कार्य किया जाना है। यह कार्य बाइपास रोड स्थित सेक्टर-2 के पास किया जाएगा। इस तकनीकी कार्य को पूरा करने के लिए जलापूर्ति बंद रखना आवश्यक है।
विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, पानी की आपूर्ति 2 अगस्त 2026 की रात 11 बजे से 4 अगस्त 2026 की रात 11 बजे तक यानी लगातार 48 घंटे बंद रहेगी। इस दौरान बल्लभगढ़ विधानसभा और फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में पेयजल की आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
जलापूर्ति से प्रभावित क्षेत्रों में तिरखा कॉलोनी, शिव कॉलोनी, चावला कॉलोनी, मुजेसर, सेक्टर-24, सेक्टर-7, सेक्टर-8 और सेक्टर-3 शामिल हैं। इन क्षेत्रों के लोगों से पानी का उपयोग सावधानी से करने और जरूरत के अनुसार पहले से भंडारण करने की सलाह दी गई है।
एफएमडीए अधिकारियों का कहना है कि रैनी वेल वाटर सप्लाई लाइन का इंटरकनेक्शन कार्य भविष्य में जल वितरण व्यवस्था को अधिक मजबूत और सुचारु बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्य पूरा होने के बाद शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था और बेहतर होने की उम्मीद है।
यदि किसी नागरिक को जलापूर्ति या कार्य से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी चाहिए तो वे एफएमडीए के जल आपूर्ति प्रभारी प्रवीण जेई से मोबाइल नंबर 8053822029 पर संपर्क कर सकते हैं।
