वर्षा की स्थिति पर पैनी नजर: जल निकासी व्यवस्था को लेकर एफएमडीए, एमसीएफ और एचएसवीपी अलर्ट

- डीसी आयुष सिन्हा ने नागरिकों से नालों और सीवरों में कचरा न डालने की अपील की

फरीदाबाद । उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने जिले में लगातार हो रही वर्षा के मद्देनजर जलभराव की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एफएमडीए, नगर निगम फरीदाबाद, एचएसवीपी तथा अन्य संबंधित विभाग संयुक्त रूप से जल निकासी, नालों की सफाई और डिस्पोजल पंपिंग स्टेशनों के संचालन पर निरंतर कार्य कर रहे हैं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एफएमडीए द्वारा संचालित विभिन्न डिस्पोजल केंद्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। पल्ला कनिष्का टावर डिस्पोजल पर टैंक स्तर लगभग 10 फुट नीचे दर्ज किया गया, जहां 100 एचपी और 60 एचपी की मोटरें संचालित की जा रही हैं। वहां अस्थायी रूप से जनरेटर की भी व्यवस्था की गई है, जिससे निर्बाध पंपिंग जारी रखी गई। पल्ला पुलिस चौकी डिस्पोजल पर भी टैंक स्तर लगभग 8 फुट नीचे रहा और वहां 30 एचपी की सबमर्सिबल मोनोब्लॉक मोटरें संचालित हैं।

सैनिक कॉलोनी, सेक्टर-33, सेक्टर-29, सेक्टर-18, सेक्टर-9, सेक्टर-3, हरि विहार, मुजेसर तथा सेक्टर-13 डिस्पोजल केंद्रों पर पंपिंग व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित होती रही और अधिकांश स्थानों पर जलस्तर नियंत्रित पाया गया। सेक्टर-33 में 100 एचपी और 75 एचपी की सबमर्सिबल मोटरें, सेक्टर-29 में पांच मोटरें, सेक्टर-18 में 40 एचपी और 50 एचपी की सबमर्सिबल मोटरें तथा सेक्टर-9 में 100 एचपी की तीन मोटरें लगातार संचालित है।

सेक्टर-21ए डिस्पोजल पर एमसीएफ और एचएसवीपी दोनों एजेंसियां संयुक्त रूप से कार्य कर रही हैं। एमसीएफ क्षेत्र में 50 एचपी की आठ सबमर्सिबल मोटरें तथा एचएसवीपी क्षेत्र में 50 एचपी की तीन मोटरें संचालित की जा रही हैं। सेक्टर-14 में डिस्पोजल स्टेशन की 50 एचपी क्षमता वाली दो सबमर्सिबल मोटरों को चालू रखा गया। सेक्टर-4 डिस्पोजल पर 100 एचपी की तीन मोटरों के साथ 20 एचपी और 50 एचपी की सबमर्सिबल मोटरें भी संचालित की जा रही हैं। पंचायती भवन और अनाज मंडी डिस्पोजल केंद्रों पर जलस्तर लगभग 2 फुट नीचे पाया गया और वहां उच्च क्षमता की मोनोब्लॉक तथा सबमर्सिबल मोटरें निरंतर पंपिंग कर रही हैं।

इसी प्रकार सेक्टर-17 डिस्पोजल पर एक 120 एचपी मोटर जनरेटर सेट से तथा अन्य 120 एचपी और 75 एचपी की सबमर्सिबल मोटरें संचालित की जा रही हैं। सेक्टर-22 फिश मार्केट डिस्पोजल पर भी जल निकासी के लिए 50 एचपी क्षमता की मोटरें चल रही हैं। जिले के सभी प्रमुख डिस्पोजल प्वाइंटों पर जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। नालों की सफाई और जल निकासी कार्य लगातार जारी है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त मशीनरी और मानव संसाधन तैनात किए गए हैं।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने नागरिकों से अपील की कि वे नालों और सीवरों में कूड़ा-कचरा न डालें तथा जलभराव की स्थिति में प्रशासन और संबंधित विभागों को तुरंत सूचित करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन वर्षा की स्थिति पर पूरी तरह सतर्क है और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.