नशे के खिलाफ गूंजी युवाओं की आवाज, दिया नशा मुक्त समाज का संदेश
फरीदाबाद। मेरा युवा भारत केंद्र फरीदाबाद (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में देशभर में चलाए जा रहे विकसित भारत के लिए-नशा मुक्त युवा कार्यक्रम के तहत शनिवार को फरीदाबाद जिले में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन सतयुग दर्शन इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, भूपानी, फरीदाबाद में किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर फरीदाबाद की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ चयन समिति सदस्य मेरा युवा भारत फरीदाबाद एवं समाजसेवी अमित भारद्वाज, सतयुग दर्शन संस्थान के चेयरमैन विनेश दत्ता तथा संस्थान के प्रिंसिपल शैलेंद्र त्यागी वशिष्ठ अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कुल 8 प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें नृत्य, संगीत, नुक्कड़ नाटक, स्लैम पोएट्री, चित्रकला, रील/लघु फिल्म, वाद-विवाद एवं नारा लेखन प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। इन प्रतियोगिताओं में फरीदाबाद जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 250 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों का पंजीकरण मेरा युवा भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया गया।
मेयर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन करने के साथ-साथ समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर नशा मुक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। मेरा युवा भारत केंद्र फरीदाबाद की जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया गया।प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों के माध्यम से नशा मुक्त समाज का संदेश दिया।
संगीत प्रतियोगिता में नशा छोड़ो, सुर जोड़ो और युवा की आवाज, नशा मुक्त समाज जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं स्लैम पोएट्री प्रतियोगिता में नशा छोड़ो, भविष्य जोड़ो और सपनों की उड़ान, नशे से इनकार जैसे विषयों पर युवाओं ने अपनी कविताओं एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति से नशे के खिलाफ आवाज बुलंद की। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में नशे की नहीं, राष्ट्र निर्माण की लत लगाओ जैसे विषयों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त नारा लेखन, थीमेटिक डांस, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवन शैली और सकारात्मक समाज का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित प्रतिभागियों एवं अतिथियों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी मेरा युवा भारत केंद्र फरीदाबाद द्वारा की गई।
