एसआईआरअभियान का आज अंतिम दिन, आज ही अपने संबंधित बीएलओ को गणना प्रपत्र जमा कराएं : आयुष सिन्हा

फरीदाबाद । जिला फरीदाबाद में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026अभियान का आज अंतिम दिन है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र (Enumeration Form) संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) को जमा नहीं कराया है, वे आज ही बिना किसी विलंब के अपना प्रपत्र जमा कर दें। उन्होंने कहा कि अंतिम समय तक प्रतीक्षा करने के बजाय समय रहते गणना प्रपत्र जमा कराने से उसका डिजिटाइजेशन, सत्यापन तथा पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया भी समय पर पूरी की जा सकेगी।उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य जिले की मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम केवल गणना प्रपत्र समय पर जमा न होने के कारण मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। इसलिए प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करे।

जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ के माध्यम से घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्रित करने का कार्य लगातार किया जा रहा है। यदि किसी कारणवश संबंधित बीएलओ अभी तक किसी मतदाता के घर नहीं पहुंच पाए हैं, तो ऐसे मतदाता स्वयं अपने संबंधित बीएलओ, मतदान केंद्र अथवा बूथ स्तर पर उपलब्ध निर्वाचन कर्मियों से संपर्क कर आज ही अपना भरा हुआ गणना प्रपत्र जमा करें। उन्होंने कहा कि समय पर प्रपत्र जमा होने से यदि किसी दस्तावेज, नाम, पते अथवा अन्य विवरण में कोई त्रुटि पाई जाती है तो उसका भी समय रहते आवश्यक सुधार किया जा सकेगा।

उन्होंने सभी बीएलओ, सुपरवाइजरों तथा निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के अंतिम दिन पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं सक्रियता के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंच सुनिश्चित करें। प्रत्येक प्राप्त गणना प्रपत्र का तत्काल डिजिटाइजेशन एवं पोर्टल पर अपलोड सुनिश्चित किया जाए, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण हो सके।

उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती एक सटीक एवं विश्वसनीय मतदाता सूची पर आधारित होती है। मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे और सभी नागरिकों की सहभागिता से जिले की मतदाता सूची अधिक पारदर्शी, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से पुनः आग्रह किया कि 24 जुलाई, 2026 विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का अंतिम दिन है। यदि किसी मतदाता ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं कराया है, तो वह आज ही अपने संबंधित बीएलओ को प्रपत्र जमा कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करें।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.