विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के केवल दो दिन शेष: उपायुक्त आयुष सिन्हा ने शत-प्रतिशत सत्यापन के दिए निर्देश
फरीदाबाद। फरीदाबाद जिले में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अब अंतिम दो दिन ही शेष रह गए हैं। 24 जुलाई को समाप्त हो रहे इस अभियान को लेकर उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि वे कार्य में तेजी लाकर शत-प्रतिशत मतदाता सत्यापन पूरा करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने गणना प्रपत्रों के संग्रहण, समयबद्ध डिजिटलाइजेशन और पोर्टल पर अपलोड करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शुद्ध और सटीक मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र का आधार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीएलओ घर-घर जाकर भरे हुए प्रपत्र एकत्र करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए।
अभियान की नियमित समीक्षा का उल्लेख करते हुए डीसी आयुष सिन्हा ने चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने आमजन से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपना प्रपत्र शीघ्र बीएलओ को सौंपें। यदि बीएलओ घर न पहुंच सके हों, तो मतदाता स्वयं मतदान केंद्र जाकर फॉर्म जमा कराएं।
