महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : सुनीता डांगी
महिला विकास निगम की चेयरपर्सन ने 30 महिला लाभार्थियों को वितरित किए अनुदान राशि के चेक
फरीदाबाद। हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता डांगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और स्वरोजगार आधारित सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक महिला आत्मनिर्भर बने, अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित करे तथा अन्य महिलाओं के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करे। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना तथा उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोडऩा है।
हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता डांगी ने आज 30 महिला लाभार्थियों को स्वरोजगार हेतु 2 लाख 50 हजार रुपये की अनुदान राशि के चेक वितरित किए। उनके साथ नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी तथा हरियाणा की पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा भी मौजूद रही। हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता डांगी ने कहा कि हरियाणा में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों महिलाएं आजीविका से जुडक़र अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं।
राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमिता को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है, ताकि महिलाएं अपने कौशल एवं प्रतिभा के आधार पर स्वरोजगार स्थापित कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है और सरकार उसे पहचान दिलाने तथा आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है। चेयरपर्सन ने सुनीता डांगी कहा कि आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। पंचायतों, स्थानीय निकायों, प्रशासन, शिक्षा, कृषि तथा आधुनिक तकनीक जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने ड्रोन दीदी जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार नई तकनीकों से महिलाओं को जोडक़र उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य कर रही है। नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनाने से ही संभव है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान ने बेटियों के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाया है और हरियाणा ने इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता डांगी का स्वागत करते हुए कहा कि एक कार्यकर्ता से चेयरपर्सन तक का उनका सफर महिलाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, ड्रोन दीदी तथा अन्य महिला कल्याण योजनाओं ने महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान की है। इस अवसर पर डीपीएम शिवम तिवारी, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
