दिल्ली कूच से पहले फरीदाबाद में कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने किया नजरबंद

नेताओं ने लगाया आरोप- बिना कारण नेताओं को रोका, लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन

फरीदाबाद। फरीदाबाद में क्राइम ब्रांच और पुलिस की टीमों ने कांग्रेस नेताओं को दिल्ली जाने से रोकने के लिए उनके घरों में नजरबंद किया जाए। पुलिस की कार्रवाई के चलते कई नेताओं को घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया, जिससे जिले की राजनीतिक हलचल तेज हो गई। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़ को उनके सेक्टर-16 स्थित निवास पर, तिगांव क्षेत्र से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी रोहित नागर को सेक्टर-14 स्थित निवास, बल्लभगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज अग्रवाल, प्रियंका अगवाल को सेक्टर-2, पूर्व पार्षद रोहित सिंगला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतवीर डागर,

फरीदाबाद युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकास दायमा को उनके कार्यालय पर समेत कई अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के घरों पर सुबह से ही पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए। जैसे ही नेताओं ने दिल्ली के लिए निकलने की तैयारी की, पुलिस ने उन्हें घर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी। कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। इस दौरान सुमित गौड़, रोहित नागर ने पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई का डटकर विरोध किया और इसे पूरी तरह से पुलिस प्रशासन का तानाशाह रवैया करार दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है, लेकिन सच्चाई की आवाज को दबाया नहीं जा सकता, जनता जनार्दन सब देख रही है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे दिल्ली में पार्टी के एक निर्धारित कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे, लेकिन प्रशासन ने बिना किसी स्पष्ट कारण के उन्हें रोक दिया। नेताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन बताया। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से किसी राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होना प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि का संवैधानिक अधिकार है, जिसे प्रशासन ने बाधित किया है। वहीं पुलिस जांच अधिकारी विष्णु मित्र अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था के तहत यह कदम उठाया गया है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है और कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराने की बात कही है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.