जमीनी विवाद में मारपीट व हत्या के प्रयास के मामले में 3 गिरफ्तार, थाना भूपानी टीम की कार्रवाई
फरीदाबाद: थाना भूपानी की पुलिस टीम ने जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में मारपीट एवं फायरिंग करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान अजयपाल, अभयपाल एवं अमित निवासी गांव तिलोरी खादर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। जिनको न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपितों के ताऊ श्रीचंद का कोई पुत्र नहीं है। उन्होंने अपने नाती प्रिंस (शिकायतकर्ता) को गोद लिया हुआ है। लेकिन आरोपित शिकायतकर्ता प्रिंस को जमीन देने के पक्ष में नहीं थे। इसी विषय पर बातचीत करने के लिए आरोपीगण शिकायतकर्ता के घर पहुंचे थे, जहां विवाद बढ़ गया। कहासुनी के बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता एवं उसके परिवार के साथ मारपीट की तथा आरोपी अभयपाल ने अवैध पिस्टल से शिकायतकर्ता पर फायर कर दिया था।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार गांव तिलोरी खादर निवासी प्रिंस ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके परिवार में श्री चंद, रूपचंद एवं हरिचंद के बच्चों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उसके नाना श्रीचंद ने उसको गोद लिया हुआ है। 15 जुलाई 2026 को उसके पिता (नाना) खेत की जुताई के लिए गए थे, जहां आरोपियों ने उन्हें खेत जोतने से रोक दिया। अगले दिन 16 जुलाई 2026 को शाम करीब 5 बजे आरोपित अजयपाल, अमित, सुमित तथा अन्य लोग उनके घर पहुंचे। जमीन के बंटवारे को लेकर कहासुनी के दौरान आरोपियों ने उसके पिता एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की। इसी दौरान घर के बाहर खड़े अभयपाल ने जान से मारने की नीयत से शिकायतकर्ता पर गोली चला दी। जिसकी शिकायत पर थाना भूपानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई थी।
