प्रतापगढ़ में प्रोसेसिंग प्लांट को लेकर निगम आयुक्त ने ग्रामीणों से की सकारात्मक वार्ता

निगम कमिश्नर धीरेंद्र खडग़टा के आश्वासन पर प्रतापगढ़ में चल रहा धरना समाप्त

फरीदाबाद। प्रतापगढ़ स्थित कूड़ा कचरा प्रोसेसिंग प्लांट पर कूड़ा डाले जाने के विरोध में प्रतापगढ़ गांव एवं आसपास के सेक्टरों के प्रतिनिधिमंडल ने आज निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा से मुलाकात कर अपनी मांगों से अवगत कराया। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक, सुदेश कुमार डागर, सतपाल, पवन मोर, हेमंत बरुआ एवं आशीष चिकारा उपस्थित रहे। वहीं नगर निगम की ओर से जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव, चीफ इंजीनियर  विवेक गिल, अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह, कार्यकारी अभियंता मनदीप सिंह, कार्यकारी अभियंता अजय पंघाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।  निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने प्रतिनिधिमंडल को स्पष्ट किया कि नगर निगम का उद्देश्य प्रतापगढ़ में कूड़े का ढेर लगाना या क्षेत्र में गंदगी फैलाना नहीं है, बल्कि यहां आने वाले ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से प्रोसेसिंग एवं निस्तारण करना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के मानकों के अनुरूप कार्य कर रहा है।

निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने समिति को आश्वस्त किया कि आगामी छह माह के भीतर प्रतापगढ़ में कूड़ा डाला जाना पूरी तरह बंद करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए अन्य स्थान चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही शहर के अन्य स्थानों पर भी नए प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि किसी एक स्थान पर कूड़े का अत्यधिक दबाव न पड़े और पूरे शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था बेहतर ढंग से संचालित हो सके। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक व संघर्ष समिति के सदस्य सुदेश कुमार डागर, सतपाल ने कहा कि रोजाना सैकड़ों डंपर शहर भर का कूड़ा लेकर आ रहे है, इन डंपर की संख्या 15 दिनों के भीतर कम की जाए। साथ ही छह माह के अंदर दूसरा स्थान चयनित कर इस कूड़ा प्लांट को यहां से स्थानातंरित किया जाए। अगर ऐसा नहीं किया जाता है संघर्ष जारी रहेगा और बड़ा आन्दोलन बनेगा।

निगम आयुक्त के आश्वासन किया कि जल्द से जल्द इस पर कार्यवाही की जाएगी। समिति के सदस्यों ने धरना समाप्त करने की दिशा में सकारात्मक रुख व्यक्त किया। निगम आयुक्त ने जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव को धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से संवाद स्थापित करने और नगर निगम के विजन से उन्हें अवगत कराने तथा आपसी सहमति से धरना समाप्त कराने के निर्देश दिए थे, जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव मौके पर पहुंचे और निगम आयुक्त द्वारा दिए गए आश्वासन को सभी के समक्ष रखा जिस पर कमेटी और धरना स्थल पर मौजूद सभी ग्रामीणों ने सहमति जताते हुए धरना समाप्त किया। जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव मौके पर ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि यहां पर कूड़ा लेकर आने वाली गाडिय़ां नियमों का पालन करेंगी ताकि आमजन को कोई परेशानी न आये।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.