हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त, जनता और जनप्रतिनिधि तक असुरक्षित : भूपेंद्र सिंह हुड्डा

पृथला के विधायक रघुबीर तेवतिया के बड़े भाई के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा

फरीदाबाद। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा मंगलवार को पलवल जिले के जनौली गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पृथला से कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया के बड़े भाई रामसरन तेवतिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। इस अवसर पर उनके साथ हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, पूर्व मंत्री करण दलाल, पूर्व विधायक नीरज शर्मा, बल्लभगढ़ की पूर्व प्रत्याशी पराग शर्मा, पूर्व चेयरमैन अब्दुल गफ्फार कुरेश,

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता तरूण तेवतिया, पूर्व जिलाध्यक्ष गुलशन बगगा सहित बडी संख्या में पलवल और फरीदाबाद दोनों जिलों के वरिष्ठ कांग्रेस, पृथला क्षेत्र के अनेकों पंच-सरपंच व गणमाण्य लोग मौजूद थे। इस मौके पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया का परिवार क्षेत्र का सम्मानित, सामाजिक और पंचायती परिवार है। स्वर्गीय रामसरन तेवतिया ने भी समाज में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने कहा कि यद्यपि उनका निधन अधिक आयु में हुआ, फिर भी किसी प्रियजन का बिछडऩा परिवार और समाज के लिए अपूरणीय क्षति होती है। ऐसे दुख की घड़ी में कांग्रेस परिवार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है।

शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश के जनप्रतिनिधि और विधायक तक स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं, तब आम नागरिकों की सुरक्षा की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। भाजपा शासन में अपराध, लूट, हत्या, फिरौती और महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे पूरे प्रदेश में भय और असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है। हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। प्रदेश का किसान, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी, युवा और गरीब वर्ग सभी परेशान हैं। बेरोजगारी, महंगाई और विकास कार्यों में ठहराव ने हरियाणा को बदहाल स्थिति में पहुंचा दिया है। जनता अब परिवर्तन चाहती है और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।

एसआईआर (विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान) को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ इस प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है। पार्टी का स्पष्ट उद्देश्य है कि एक भी जायज मतदाता का वोट न कटे और एक भी नाजायज वोट मतदाता सूची में शामिल न हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय हैं और लोकतंत्र तथा मताधिकार की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से काम कर रहे हैं। किसी भी पात्र मतदाता के अधिकारों से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। आपातकाल को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि श्रीमती इंदिरा गांधी विश्व की महान नेताओं में शामिल थीं। देश की एकता, अखंडता और मजबूती के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा इतिहास को तोड़-मरोडकऱ राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करती है,

जबकि देश की जनता सच्चाई को भली-भांति जानती है। वहीं इनके अलावा केन्द्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, नूंह के विधायक आफताब अहमद, फिरोजपुर झिरका के विधायक मम्मन खान, बल्लभगढ के विधायक मूलचंद शर्मा, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया, पूर्व सांसद अवतार भडाना, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार, पूर्व विधायक प्रवीण डागर व केहर सिंह रावत, पूर्व मंत्री महेन्द्र प्रताप सिंह के पुत्र विवेक प्रताप सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, पूर्व जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, फरीदाबाद के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी लखन सिंगला, पलवल के इनैलो जिलाध्यक्ष महेन्द्र चौहान सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं व जिले के पंच-सरपंच, पूर्व सरपंच, जिला पार्षद, पार्षद व ब्लॉक सदस्य तथा गणमाण्य लोगों ने भी विधायक रघुबीर तेवतिया के भाई के जनौली निवास पर पहुंचकर उनके दिवंगत भाई को अपनी श्रद्धाजंलि अर्पित की है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.