सावधान! फरीदाबाद में 48 घंटे बंद रहेगी रेनी वेल की जलापूर्ति, इन बड़े इलाकों में मचेगा पानी का हाहाकार; पहले ही जुटा लें इंतजाम
फरीदाबाद। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की तरफ से जानकारी दी गई है कि शहर में रेनी वेल जलापूर्ति लाइन नंबर-2 पर कनेक्शन जोड़ने के कार्य के चलते 29 जून शाम 4 बजे से लेकर 1 जुलाई की शाम तक शटडाउन रहेगा। इस दौरान शहर के कई बड़े क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित रहेगी। इसलिए लोग भीषण गर्मी के मौसम में होने वाली इस किल्लत को लेकर पहले से ही तैयारी कर लें और अपनी जरूरत का पानी पहले से ही जमा कर लें।
कनेक्शन जोड़ने के लिए 48 घंटे पानी की सप्लाई बंद
एफएमडीए के चीफ इंजीनियर विशाल बंसल के अनुसार, बदरपुर के पास रैनी वेल पाइपलाइन को आपस में जोड़ना है। इसलिए, इस लाइन में 48 घंटे के लिए पानी की सप्लाई रोकना जरूरी है। शहर की आधी दर्जन से ज्यादा कॉलोनियां इस पाइपलाइन से जुड़ी हैं, जहां पानी की आपूर्ति में रुकावट आएगी।
उनका कहना है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कनेक्शन का कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। यदि काम तय कार्यक्रम के अनुसार पूरा हो जाता है, तो 1 जुलाई से जलापूर्ति को चरणबद्ध तरीके से सामान्य किया जाएगा। हालांकि, कुछ इलाकों में पानी का दबाव सामान्य होने में थोड़ा अतिरिक्त समय भी लग सकता है।
इन इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित होगी
इस शटडाउन के कारण बल्लभगढ़ और फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के निम्नलिखित प्रमुख इलाकों में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। जिनमे तिरखा कॉलोनी, शिव कॉलोनी, चावला कॉलोनी, सेक्टर-24, मुजेसर, सेक्टर-7, सेक्टर-8, बल्लभगढ़ का सेक्टर-3, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
लोगों को पानी भंडारण की सलाह, समस्या के लिए नंबर जारी
प्राधिकरण प्रशासन ने इन सभी क्षेत्रों के निवासियों से अपील की है कि वे शटडाउन की अवधि को देखते हुए अपनी जरूरत के अनुसार पानी का भंडारण पहले से ही करके रख लें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही, प्राधिकरण ने जनता की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। पानी की सप्लाई या काम की प्रगति से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी या पूछताछ के लिए नागरिक एफएमडीए के वॉटर सप्लाई इन-चार्ज जसवंत जेई के मोबाइल नंबर 9810530284 पर संपर्क कर सकते हैं।
