बस चालकों एवं परिवहन स्टाफ को सडक़ सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण
फरीदाबाद। फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस की रोड सेफ्टी सेल द्वारा दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), ग्रेटर फरीदाबाद में विद्यालय प्रबंधन के सहयोग से सडक़ सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल बस चालकों, परिवहन विभाग एवं प्रशासनिक कर्मचारियों को सुरक्षित यातायात व्यवहार और सडक़ सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में ट्रैफिक पुलिस की रोड सेफ्टी सेल, इंडिपेंडेंट राइडर ग्रुप के प्रतिनिधि यश मेंदिरत्ता तथा रेडियो महारानी 89.6 एफएम की टीम ने भाग लिया। इस अवसर पर रोड सेफ्टी सेल के अधिकारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने कहा कि स्कूल बस चालक विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए यातायात नियमों का पालन, अनुशासित ड्राइविंग और सडक़ पर सतर्कता बेहद आवश्यक है।
उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से सडक़ दुर्घटनाओं के कारणों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट के उपयोग, वाहनों की नियमित जांच, स्कूल बस संचालन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही बच्चों को बस में चढ़ाने और उतारने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का संदेश दिया गया। इंडिपेंडेंट राइडर ग्रुप के प्रतिनिधि यश मेंदिरत्ता और रेडियो महारानी 89.6 एफएम की टीम ने भी प्रतिभागियों को सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी बस चालकों, परिवहन कर्मियों और विद्यालय कर्मचारियों ने सडक़ सुरक्षा की शपथ लेते हुए संकल्प लिया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे तथा दूसरों को भी प्रेरित करेंगे।
