भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है योग : पंकज सिंगला

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा नेता ने योग शिविर में की शिरकत

फरीदाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वार्ड नंबर-31 के अंतर्गत आने वाले महावीर नगर की रेजिडेंट वेलफेयर एसो. द्वारा वाल्मीकि पार्क में योग शिविर का आयोजन किया गया। शिाविर में मुख्य रुप से वरिष्ठ भाजपा नेता पंकज सिंगला ने शिरकत की और योग क्रियाएं की। कार्यक्रम में पहुंचने पर रेजिडेंट वेलफेयर एसो. के पदाधिकारियों ने पंकज सिंगला का शॉल ओढ़ाकर व फूलों का बुक्के भेंट कर स्वागत किया। शिविर में उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए भाजपा नेता पंकज सिंगला ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने वाली कुछ शारीरिक मुद्राओं या आसनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक समग्र जीवन पद्धति है जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली, बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है।

नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ और ऊर्जावान रहता है, बल्कि एकाग्रता, आत्मविश्वास तथा निर्णय लेने की क्षमता में भी वृद्धि होती है। श्री सिंगला ने कहा कि योग व्यक्ति को हर परिस्थिति में संयमित और शांत रहने की प्रेरणा देता है तथा जीवन में संतुलन बनाए रखने का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे अपनाकर हम बेहतर और स्वस्थ भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। इस मौके पर टोनी पहलवान, चरण सिंह सैनी, पदम सैनी, पिंटू सैनी, के. डी. शर्मा, पवन लोहिया, अनिल गुप्ता सहित अनेेकों गणमान्य लोग मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.