फरीदाबाद सड़क हादसे में मैनेजर की मौत:अधूरी सड़क के कारण बाइक समेत गड्ढे में गिरा
फरीदाबाद में मंझावली पुल के पास अधूरे रास्ते पर हुए एक दर्दनाक हादसे में NIT-1 निवासी 45 वर्षीय अतुल कुमार जोशी की मौत हो गई। अतुल कुमार जोशी एक आई केयर अस्पताल में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह अपनी बाइक से मंझावली पुल के रास्ते नोएडा की ओर जा रहे थे, लेकिन पुल के अधूरे हिस्से और रात के अंधेरे के कारण उन्हें आगे रास्ता समाप्त होने का पता नहीं चल पाया और वह बाइक समेत गहरे गड्ढे में जा गिरे।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात के समय हुआ। मंझावली पुल का हरियाणा की ओर का हिस्सा तैयार हो चुका है, जबकि उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाला ढलान और सड़क का हिस्सा अभी पूरी तरह निर्मित नहीं हुआ है।
बताया जा रहा है कि अतुल कुमार जोशी बाइक से पुल पार कर नोएडा की तरफ जा रहे थे। अंधेरा होने के कारण उन्हें आगे सड़क खत्म होने का अंदाजा नहीं लगा और वह सीधे बाइक समेत नीचे कच्चे रास्ते और गड्ढे में गिर गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सोमवार सुबह खेतों में काम करने जा रहे स्थानीय लोगों ने गड्ढे में एक व्यक्ति को पड़ा हुआ देखा। पास में उसकी बाइक भी गिरी हुई थी। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना तिगांव थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर तिगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान अतुल कुमार जोशी के रूप में की। इसके बाद उनके परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मृतक का भाई भी मौके पर पहुंच गया।
मौके की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जहां शव मिला है वह क्षेत्र उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के दनकौर थाना क्षेत्र में आता है। इसके बाद तिगांव पुलिस ने दनकौर थाना पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए दनकौर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया।
तिगांव थाना प्रभारी रनबीर ने बताया कि स्थानीय लोगों ने सूचना तिगांव पुलिस को दी थी, लेकिन घटनास्थल उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकार क्षेत्र में था। इसलिए मामले की जानकारी दनकौर थाना पुलिस को देकर आगे की कार्रवाई उनके हवाले कर दी गई।
उन्होंने बताया कि मृतक फरीदाबाद के एनआईटी-1 का निवासी था और एक अस्पताल में नौकरी करता था। प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल दनकौर पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
