शारीरिक योग के साथ मानसिक योग भी जरूरी : प्रवीण जोशी

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ब्रह्माकुमारीज का भव्य आयोजन, लोगों ने किया योगाभ्यास

फरीदाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा सेंट्रल पार्क में आयोजित मानवता के लिए योग कार्यक्रम में आध्यात्मिक चेतना, स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवन शैली का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ब्रह्माकुमारी भाई-बहनों, समाजसेवियों, युवाओं, महिलाओं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर योग और राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास एवं ईश्वरीय स्मृति के साथ हुआ।

उपस्थित लोगों ने शारीरिक योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास करने के साथ-साथ मानसिक शांति और आत्मिक सशक्तिकरण के लिए राजयोग मेडिटेशन भी किया। आयोजन का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में फरीदाबाद की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीएम फरीदाबाद डॉ. हनी बंसल ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। दोनों अतिथियों ने योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक सम्पूर्ण पद्धति बन चुका है।

इस मौके पर फरीदाबाद जोन इंचार्ज बीके ऊषा दीदी, बीके हरीश दीदी व बल्लभगढ़ सेवा केंद्र की संचालिका सुशीला दीदी, सुभद्रा दीदी,  के अलावा बीके राधेश्याम, सुंदर गाबा, बीके नीरू, पूजा, प्रीति, पूनम शाहिद अनेक ब्रह्माकुमारी भाई व बहन मौजूद रहे। मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के सामने तनाव, अवसाद और स्वास्थ्य संबंधी अनेक चुनौतियां खड़ी हैं। ऐसे समय में योग मनुष्य को शारीरिक और मानसिक दोनों स्तरों पर मजबूत बनाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और दुनिया के अनेक देश इसे अपनी जीवन शैली का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल शरीर को स्वस्थ रखना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मन का स्वस्थ और सकारात्मक होना भी उतना ही आवश्यक है। योग व्यक्ति को आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच प्रदान करता है।

मेयर ने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा समाज में आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार तथा योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था निरंतर मानव सेवा का उत्कृष्ट कार्य कर रही है। कार्यक्रम में उपस्थित ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र की संचालिका मुन्नी दीदी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरे देश के साथ-साथ फरीदाबाद में भी हजारों लोगों ने योग कर स्वास्थ्य और आध्यात्मिकता का संदेश दिया है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को योग, ध्यान और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन समाज में स्वास्थ्य, सद्भावना और आध्यात्मिक जागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.