नेहरु कालोनी के बाद अब गौंछी में विकसित हुई अवैध कालोनी पर चलेगा पीला पंजा
फरीदाबाद। नेहरू कॉलोनी में हुई तोडफ़ोड़ के बाद अब शहर में बसी अवैध कालोनियों की भी जांच शुरु हो गई। जिला नगर योजनाकार एन्फोर्समेंट द्वारा गौंछी में विकसित हुई अवैध कॉलोनी के मकानों में नोटिस चस्पा किए जा रहे हैं। मकान से संबंधित दस्तावेज विभाग के कार्यालय में दिखाने को कहा गया है। इसे लेकर लोगों में हलचल पैदा हो गई है। लोगों को तोडफ़ोड़ का डर सताने लगा है। बता दें अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम, जिला नगर योजनाकार विभाग और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में नेहरू कालोनी में करीब 300 मकानों को तोड़ा जा चुका है।
नोटिस चस्पा होने के बाद परेशान स्थानीय निवासियों ने बताया कि गौंछी उप तहसील के तहत आने वाली कालोनी मेें करीब दस साल पहलेे काटी गई थी। जीवन की जमापूंजी लगाकर लोगों ने प्लाट खरीद लिए और मकान बनाकर रह रहे हैं। कालोनी में 90 प्रतिशत बसावट हो चुकी है। अब मकानों पर जिला नगर योजनाकार विभाग द्वारा नोटिस लगा दिए गए हैं। कार्रवाई होने से हजारों लोग बेघर हो जाएंगे। परेशान लोग विधायक सतीश फागना से भी मिलने के लिए पहुंचे थे। लोगों का कहना है कि विधायक ने कार्रवाई न होने का आश्वासन दिया है। कॉलोनी में 50 और 100 वर्ग गज के प्लॉटों पर मकान बने हुए हैं। मकानों को सीवर और पानी का नगर निगम से कनेक्शन मिला हुआ है।
फिर भी कॉलोनी को अवैध बता दिया गया है। लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब कॉलोनी कट रही थी तो अधिकारी कहां थे। जमीन खरीदने और मकान बना लेने के बाद कार्रवाई के लिए क्यों आते हैं। कॉलोनाइजर से लाखों रुपये देकर प्लाट खरीदा था, यदि जमीन अवैध है तो कार्रवाई प्लॉट बेचने वालों पर होना चाहिए। लोगों ने जमीन खरीदी है। जिला नगर योजनाकार एन्फोर्समेंट यजन चौधरी का कहना है कि अवैध मकानों को नोटिस देकर सात दिनों में दस्तावेज जमा कराने के लिए कहा गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शहर के अलग-अलग हिस्सों में हुए अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
