सफाई करने सीवर में उतरे सीवरमैन की दम घुटने से हुई मौत
फरीदाबाद। सेक्टर-19 में गुरुवार दोपहर सीवर की सफाई के दौरान एक हादसा हो गया। सीवर में उतरे 50 वर्षीय सीवरमैन की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद नगर निगम के कर्मचारियों और यूनियन के पदाधिकारियों में रोष देखा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। जानकारी के अनुसार, सेक्टर-19 स्थित हाउस नंबर 1310 के पास सीवर जाम होने की शिकायत नगर निगम को मिली थी। शिकायत के बाद नगर निगम के नियमित सफाई कर्मचारी जोगिंदर पहलवान निवासी गांव औरंगाबाद, मीतरोल (पलवल) अपने साथियों के साथ सीवर की सफाई करने पहुंचा था। बताया गया है कि जोगिंदर बेल्ट बांधकर सीवर के अंदर सफाई के लिए उतरा था। इसी दौरान सीवर में मौजूद जहरीली गैस के प्रभाव से उन्हें चक्कर आ गया और वह नीचे गिर गया। घटना को देखकर वहां मौजूद दूसरे सफाई कर्मचारी ने तुरंत आसपास के लोगों तथा नगर निगम के अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद नगर निगम के कर्मचारी, सफाई कर्मचारी यूनियन के सदस्य और पुलिस मौके पर पहुंची।
काफी प्रयासों के बाद जोगिंदर को सीवर से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के उपप्रधान बलबीर बाल गुहेर ने बताया कि जोगिंदर नगर निगम फरीदाबाद में नियमित कर्मचारी था। उन्होंने आरोप लगाया कि जोगिंदर को सीवर में उतरने से पहले केवल सुरक्षा बेल्ट दी गई थी, जबकि ऑक्सीजन मास्क और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। उनका कहना है कि यदि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होती तो शायद इस हादसे को टाला जा सकता था। बलबीर ने बताया कि मृतक जोगिंदर के तीन बच्चे हैं और यह हादसा ड्यूटी के दौरान हुआ है।
उन्होंने प्रशासन और नगर निगम से मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता और सरकारी लाभ देने की मांग की है। बता दें कि दो दिन पहले भी मुजेसर थाना क्षेत्र के जीवन नगर पार्ट-1 में भी सिविल ट्रीटमेंट प्लांट में चैन लगाने गए दो युवक अमन और आकाश की भी इसी तरीके हादसे में मौत हो गई थी। वहीं सेक्टर-19 चौकी प्रभारी अजय शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। सफाई कर्मचारियों की मदद से शव को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से जो भी शिकायत दी जाएगी, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
