फरीदाबाद में विवाहिता ने लगाई फांसी:डेढ़ साल पहले हुई शादी
फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना क्षेत्र के सेक्टर-46 स्थित सर्वम सोसाइटी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। घटना के बाद मौके पर पहुंचे मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए सोसाइटी परिसर में जमकर हंगामा किया।
स्थिति तनावपूर्ण होती देख सूरजकुंड थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल और क्राइम ब्रांच की टीम को भी मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार ने बताया कि पुलिस को रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि सेक्टर-46 स्थित सर्वम सोसाइटी के एक फ्लैट में एक विवाहिता ने फांसी लगा ली है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुछ समय बाद मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने युवती की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया और हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 23 वर्षीय सरसा के रूप में हुई। उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले फरीदाबाद के सेक्टर-21सी निवासी प्रवीण के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ समय तक दोनों परिवार के साथ रहे, लेकिन पारिवारिक अनबन के कारण पिछले कुछ महीनों से पति-पत्नी सेक्टर-46 स्थित सर्वम सोसाइटी में किराए के फ्लैट में अलग रह रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना वाली रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद सरसा अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर प्रवीण ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो सरसा पंखे से लटकी हुई दिखाई दी। यह देखकर उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अपने परिजनों को भी बुला लिया।
मृतका मूल रूप से गुरुग्राम के बिलासपुर क्षेत्र की रहने वाली थी। सूचना मिलने पर उसके मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि सरसा की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए पंखे से लटकाया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
