बल्लभगढ़ में छज्जा गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत:बाथरूम में जाते वक्त हादसा
फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ स्थित सुभाष कॉलोनी के हरि विहार इलाके में बुधवार सुबह एक हादसा हो गया। मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिरने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला सुबह शौच के लिए छज्जे पर बने बाथरूम में गई थी।
आदर्श नगर थाना पुलिस के अनुसार हरि विहार निवासी जयवती (55) बुधवार सुबह करीब 6 बजे बाथरूम के लिए उठी थी। वह छज्जे पर बने बाथरूम में दाखिल ही हुई थी कि अचानक बाथरूम वाला हिस्सा छज्जे समेत टूटकर नीचे गिर गया। छज्जा गिरने से जयवती मलबे के नीचे दब गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे की तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतका की बेटी संगीता ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों के चलते वह और उसकी दोनों बहनें अपनी मां के घर आई हुई थीं। परिवार पहले ही पिता को खो चुका है और अब घर में केवल एक भाई ही बचा है। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है।