पुनर्वास की मांग को लेकर डीसी ऑफिस पहुंचे नेहरू कालोनी के लोग
फरीदाबाद। नगर निगम द्वारा नेहरू कॉलोनी में की जा रही तोडफ़ोड़ की कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को कॉलोनी के निवासी सेक्टर-12 पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पुनर्वास की मांग की। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्हें हटाने से पहले रहने की वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए। स्थानीय निवासी शिला ने बताया कि उनका परिवार पिछले कई वर्षों से नेहरू कॉलोनी में रह रहा है। अब प्रशासन द्वारा घर खाली करने के निर्देश दिए जा रहे हैं, जिससे उनके सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि बिना पुनर्वास के लोगों को बेघर करना उचित नहीं है। स्थानीय निवासी रीना गुप्ता ने कहा कि कॉलोनी में रहने वाले अधिकांश परिवार 30 से 40 वर्षों से यहां रह रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों पर घर खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है और क्षेत्र में पानी व बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं भी बंद कर दी गई हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी विनीता ने कहा कि अगर प्रशासन को कॉलोनी हटानी ही थी तो पहले यहां रहने वाले परिवारों के लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था करनी चाहिए थी।
उन्होंने कहा कि अचानक घर खाली करने के आदेश से लोगों में भय और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वहीं स्थानीय निवासी सुशील ने कहा कि चुनाव के दौरान नेता कॉलोनियों में आकर लोगों से वोट मांगते हैं, लेकिन आज जब हजारों लोगों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा है तो कोई भी उनकी समस्याओं को सुनने नहीं आ रहा। उन्होंने प्रशासन से मानवीय आधार पर निर्णय लेने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से नेहरू कॉलोनी के लोगों ने प्रशासन से मांग की कि जब तक सभी प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की उचित व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक किसी भी प्रकार की तोडफ़ोड़ की कार्रवाई न की जाए। लोगों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द कोई समाधान निकालेगा।
