महंगाई और बेरोजगारी रोकने में भाजपा सरकार पूरी तरह से असफल साबित : रुपचंद लाम्बा
इनेलो जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा
फरीदाबाद। देश-प्रदेश में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के विरोध में इनेलो के जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा के नेतृत्व में आज इनेलो के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री के नाम जिला उपायुक्त की अनुपस्थिति में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इनेलो कार्यकर्ता तयशुदा कार्यक्रमानुसार सुबह सेक्टर-11 स्थित जिला इनेलो कार्यालय पर एकत्रित हुए, जहां से हाथों में बैनर व तख्तियां लिए एक विशाल जुलूस निकालते हुए सेक्टर-12 पहुंचे, इस दौरान इनेलो कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जताया।
इस मौके पर उपस्थित इनेलो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इनेलो जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है, बेतहाशा बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी ने हर वर्ग का जीना दुश्वार कर दिया है, हालात यह हो गए है कि गरीब व्यक्ति के समक्ष अपना व अपने परिवार का भरण पोषण करने की समस्या पैदा हो गई है, इसके बावजूद भाजपा नेता विकास का झूठा अलाप राग खुद को महिमा मंडित करने में लगे हुए है। श्री लाम्बा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के मूल्यों में हुई वृद्धि के चलते जहां भाड़े की दरों में इजाफा हुआ है वहीं सभी खाद्य वस्तुओं के दामों में भी इसका सीधा असर पड़ा है,
पिछले 12 सालों के भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई और बेरोजगारी सुरसा के मुंह की तरह बढ़ती जा रही है, महंगाई व बेरोजगारी रोकने के लिए सरकार कोई कारगर कदम नहीं उठा रही। इनेलो जिलाध्यक्ष ने कहा कि कितने शर्म की बात है कि प्रदेश के पढ़े लिखे युवा आज बेरोजगारी की मार झेल रहे है, सरकार उन्हें रोजगार तो उपलब्ध नही करवा रही, लेकिन बेरोजगारी भत्ता देने की बातें जोरशोर से करती है, ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं। श्री लाम्बा ने जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में इनेलो की सरकार बनने पर हर बेरोजगार को रोजगार दिया जाएगा और बढ़ती महंगाई पर रोक लगाकर लोगों को राहत प्रदान की जाएगी। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि देश-प्रदेश में बढ़ रही महंगाई पर तुरंत रोक लगाई जाए और युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाए जाए, अन्यथा इनेलो कार्यकर्ता लोगों के हक-हकूक की आवाज सडक़ से लेकर विधानसभा में उठाने का काम करेगा। इस मौके पर इनेलो के जिला प्रभारी देवेंद्र चौहान, बच्चू तेवतिया, जीत सिंह डागर, सतबीर चाहर, बॉबी डागर, देवेंद्र तेवतिया, बृजसिंह हवलदार सहित जिले के समस्त पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
