प्रशिक्षण हमारी शक्ति है और समर्पित कार्यकर्ता सबसे बड़ी पूंजी है : डा. सतीश पूनिया
श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को किया याद, मोदी सरकार की गिनाई उपलब्धियां
फरीदाबाद। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि भाजपा का इतिहास संघर्ष, विचार और राष्ट्रसेवा की भावना से परिपूर्ण रहा है। कार्यकर्ताओं के समर्पण, परिश्रम और संगठन के प्रति निष्ठा के कारण ही आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है। वह रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत आयोजित फरीदाबाद के जिला प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित कर रहे थे। प्रशिक्षण के दूसरे दिन अन्य वक्ताओं ने कार्यक्रम को संबोधित किया। डॉ. पूनिया ने प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित कार्यकर्ताओं को भाजपा के इतिहास, वैचारिक यात्रा और संगठन के विकास के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि संगठन का विचार हमारी दिशा है, प्रशिक्षण हमारी शक्ति है और समर्पित कार्यकर्ता हमारी सबसे बड़ी पूंजी हैं; संगठन की मजबूती निरंतर सीखने, संवाद और संस्कारों से ही सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक का सफर त्याग, तपस्या और राष्ट्रहित के लिए किए गए संघर्ष का परिणाम है। पार्टी ने हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि मानते हुए अपनी नीतियों और सिद्धांतों पर कार्य किया है। उन्होंने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि इन महापुरुषों ने राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक चेतना और अंत्योदय के विचार को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उनके आदर्श आज भी भाजपा की विचारधारा और कार्यशैली का आधार हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को इन महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्य करना चाहिए। डॉ. पूनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत विश्व पटल पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अनेक ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय लिए हैं, जिनमें जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त करना और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करना प्रमुख हैं। इसके अलावा देश में आधारभूत संरचना, डिजिटल विकास, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भर भारत जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और विश्व में उसकी प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता कर रहा है। अपने संबोधन में डॉ. पूनिया ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण, पारदर्शिता और विकास को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है।
सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण वर्ग से प्राप्त ज्ञान और अनुभव को जन-जन तक पहुंचाएं तथा संगठन की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को लोगों के बीच प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें। प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। अपेक्षित कार्यकर्ताओं ने शनिवार को रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया और रात्रि विश्राम किया। प्रशिक्षण वर्ग के दुसरे दिन कार्यक्रम की शुरुआत प्रात:कालीन योग, प्राणायाम और व्यायाम सत्र से हुई। प्रशिक्षण शिविर के दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने मोदी जी के मन की बात कर्यक्रम को सुना। कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया गया । प्रशिक्षण क्विज प्रतियोगिता और राष्ट्र गान के साथ प्रशिक्षण वर्ग का समापन हुआ ।केंद्रीय राज्यमंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी एवं विकासोन्मुखी योजनाओं पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का प्रत्येक नागरिक सशक्त हुआ है तथा आज विश्व मंच पर भारत का सम्मान और प्रभाव अभूतपूर्व रूप से बढ़ा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, महापौर प्रवीण बतरा जोशी, प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख शैलेन्द्र पांडे, पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनैतिक सचिव अजय गौड़, जिला उपाध्यक्ष धर्मबीर भड़ाना, पूर्व वरिष्ठ उप महापौर देवेन्द्र चौधरी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोल्डी अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष राजन मूथरेजा, जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग, शोभित अरोड़ा, भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष जैजू ठाकुर, वजीर सिंह डागर, मीडिया प्रमुख विनोद गुप्ता, पार्षद अजय बैसला, मुकेश अग्रवाल, सचिन शर्मा, मंडल अध्यक्ष अमित आहूजा सहित मोर्चों के जिला अध्यक्ष और वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।
