मस्जिद के बाद आशियानों की बारी; लोग खुद खाली करने लगे घर

एफएमडीए ने शुरु की स्लिप रोड बनाने की तैयारी

फरीदाबाद। फरीदाबाद में शनिवार तडक़े एनआईटी-3 स्थित अवैध मस्जिद पर हुई कार्रवाई के बाद अब नेहरू कॉलोनी के लोग खुद अपना मकान तोडऩे लगे हैं। कई लोग यहां से शिफ्ट करके जाने लगे हैं। प्रशासन की ओर से कॉलोनी के लोगों को 2 दिन का नोटिस दिया गया है। मकान खाली करने के लिए लोगों के पास दो दिन का समय है। इसके बाद तोडफ़ोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। रविवार सुबह ही कई लोग अपना सामान गाड़ी में ले जाते हुए नजर आए। लोगों का कहना था कि तोडफ़ोड़ से पहले ही वह सुरक्षित जगह जाना चाहते थे। बडख़ल विधायक ने जाम की समस्या से निजात पाने को लेकर मेट्रो चौक से लेकर सैनिक कॉलोनी चौक तक एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव रखा। एफएमडीए अधिकारियों की ओर से जब रूट का सर्वे किया गया था तो उसके रास्ते में अवैध मस्जिद समेत कई निर्माण पाए गए।

इसके साथ ही प्रदेश सरकार के गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा नमो भारत आरआरटीएस के रूट में भी यही अवैध निर्माण पाए गए। नेहरू कॉलोनी में करीब 50 हजार से अधिक की आबादी है। कॉलोनी में लोगों को मीटर और पानी के कनेक्शन भी मिले हुए हैं। हालांकि, नगर निगम की ओर से कॉलोनी में तोडफ़ोड़ करने को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है। निगम का कहना है कि पहले तोड़ी गई मस्जिद का मलबा साफ किया जाएगा। उसके बाद आगे तोडऩे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

उधर  एनआइटी तीन चौक पर शनिवार तडक़े तोड़ी गई अवैध मस्जिद का मलबा रविवार को उठाने का काम तेजी से जारी रहा। निगम के 10 डंपर तेजी से मलबा उठाने में जुटे रहे। वहीं, फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण ने स्लिप रोड बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। एफएमडीए की ओर से 10 मीटर चौड़ी और 90 मीटर लंबी स्लिप रोड का निर्माण किया जाएगा। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आने वाले एक माह में सडक़ बनाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। फरीदाबाद से गुरुग्राम जाने वाले लोगों को एनआइटी तीन चौक के पास जाम का सामना करना पड़ता था। इस चौक से होकर बडख़ल और एनआइटी विधानसभा में रहने वाले गुरुग्राम की तरफ जाते थे। चौक के पास मस्जिद के साथ अन्य भी अवैध निर्माण था, जिसकी वजह से सडक़ पूरी तरह से संकरी हो गई थी। ट्रैफिक पुलिस को भी जाम खुलवाने के लिए काफी मशक्कत का सामना करना पड़ता था।

मस्जिद के पीछे बनी हुई दुकानों ने संकरी सडक़ पर भी अतिक्रमण किया हुआ था। त्योहारी और शादी के सीजन में इस सडक़ से निकलना मशक्कत का काम था। पाली इंडस्ट्रियल एरिया से आने वाले बड़े वाहन भी इस चौक से होकर एनआइटी की तरफ आते हैं। अवैध निर्माण तोडऩे के बाद इस बार जिला प्रशासन किसी भी तरह की चूक नहीं करना चाहता है। कई बार देखने में आता है कि कब्जा तोडऩे के बाद अधिकारियों की लापरवाही की वजह से दोबारा निर्माण खड़ा हो जाता है। इसलिए मलबा हटाने के दौरान ही एफएमडीए की ओर से निर्माण सामग्री मौके पर डाल दी गई। एफएमडीए कार्यकारी अभियंता के अनुसार स्लिप रोड बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। लोगों को जाम से काफी राहत मिलेगी। एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता विनय का कहना है कि  स्लिप रोड को लेकर निर्माण सामग्री मौके पर डाल दी गई है। मलबा पूरी तरह से साफ होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.