अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेभर में होंगे भव्य कार्यक्रम : डीसी आयुष सिन्हा

डीसी ने जिला में योग दिवस मनाने बारे अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

फरीदाबाद। डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ उपमंडल और ग्राम पंचायत तथा ब्लाक स्तर तक विशेष योग कार्यक्रम किए जाएंगे, ताकि योग को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग पर केंद्रित होगा। डीसी आयुष सिन्हा  ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला, उपमंडल और ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।  बैठक से पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्त के साथ बैठक कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि योग दिवस कार्यक्रमों को जनआंदोलन के रूप में आयोजित किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुडकऱ स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों, कॉलेजों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायतों और सामाजिक संस्थाओं को भी योग दिवस कार्यक्रमों से जोड़ा जाए, ताकि अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय के साथ-साथ उपमंडल एवं ब्लॉक स्तर पर भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि योग दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं है, बल्कि लोगों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से तनाव कम होता है, शरीर स्वस्थ रहता है और व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर रहता है। इसलिए प्रशासन का प्रयास है कि गांव-गांव और शहर-शहर तक योग का संदेश पहुंचाया जाए।  डीसी ने बताया कि 21 जून के मुख्य कार्यक्रम से पहले जिला, उपमंडल एवं ब्लॉक स्तर पर विभिन्न प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। गांवों की योगशालाओं एवं व्यायामशालाओं में नियमित योग शिविर लगाए जाएंगे ताकि आमजन को योग के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने बताया कि 8 से 10 जून तक गांवों में योग जागरण यात्राएं निकाली जाएंगी।

इसके बाद 11 से 13 जून तक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के लिए योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, ये शिविर जिला, उपमंडल एवं ब्लॉक स्तर पर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 15 जून को योग मैराथन भी आयोजित की जाएगी। यह प्रतीकात्मक मैराथन लोगों को योग के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग के महत्व को लेकर 19 जून को जागरूकता सेमिनार आयोजित किए जाएं, जबकि 20 जून को मुख्य कार्यक्रम की पायलट रिहर्सल करवाई जाएगी ताकि आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम बडख़ल त्रिलोक चंद, डीसीपी उषा कुंडू, सीटीएम अंकित कुमार, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. मोनिशा लाम्बा, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.