बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को लौटाया, दूसरे दिन भी जारी रही ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल
फरीदाबाद। अखिल भारतीय ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की तीन दिवसीय सांकेतिक हड़ताल के दूसरे दिन शुक्रवार को फरीदाबाद में ट्रांसपोर्टरों ने एकजुटता दिखाते हुए बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में एंट्री करने वाली गाडिय़ों को वापस लौटा दिया। ट्रांसपोर्टरों ने रैली भी निकाली। अखिल भारतीय ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरके शर्मा ने कहा कि ट्रांसपोर्टरों ने शांतिपूर्ण तरीके से चक्का जाम के समर्थन में गाडिय़ां नहीं चलाने की अपील की उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा, जिससे आमजन को भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। हड़ताल के दौरान ट्रांसपोर्ट नगर से ट्रांसपोर्टरों का बड़ा जत्था रैली के रूप में निकला। रैली बाटा और अजरौंदा होते हुए बदरपुर बॉर्डर तक पहुंची। रास्ते में ट्रांसपोर्टरों और गाड़ी मालिकों से हड़ताल का समर्थन करने और वाहन न चलाने की अपील की गई। इस दौरान एसोसिएशन के संरक्षक नारायणदास बवेजा, जिलाध्यक्ष अजित सिंह, कप्तान सिंह, राष्ट्रीय ड्राइवर संयुक्त मोर्चा समिति से सुमेर अम्बावता और रवि राठौर समेत बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे।
