लोहा मंडी के दुकानदारों को नोटिस, वर्कशॉप चलाने पर किया नोटिस चस्पा
फरीदाबाद। नेहरू ग्राउंड स्थित लोहा मंडी में शनिवार को नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए कई दुकानों और वर्कशॉप पर नोटिस चस्पा किए। नगर निगम की इस कार्रवाई से व्यापारियों में हडक़ंप मच गया। निगम अधिकारियों का कहना है कि लोहा मंडी में केवल ट्रेडिंग यानी खरीद-फरोख्त का कार्य करने की अनुमति है, लेकिन कई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करते हुए यहां कॉमर्शियल और औद्योगिक गतिविधियां चला रहे हैं। नगर निगम के एसडीओ सुरेंद्र कुमार हुड्डा ने बताया कि लोहा मंडी में कई दुकानों के अंदर बड़ी-बड़ी कटर मशीनें लगाकर लोहे की सीट कटिंग का काम किया जा रहा है।
इसके अलावा व्यापारी अपने लोहे के सामान को दुकानों के बाहर सडक़ किनारे तक फैला देते हैं, जिससे इलाके में अतिक्रमण और जाम की स्थिति बनी रहती है। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर ऐसे दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं। एसडीओ सुरेंद्र कुमार हुड्डा ने बताया कि लोहा मंडी में करीब 25 दुकानें ऐसी चिन्हित की गई हैं, जहां आयरन सीट कटिंग और अन्य कॉमर्शियल गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन सभी दुकानदारों को सोमवार तक का समय दिया गया है, ताकि वे नगर निगम कमिश्नर के समक्ष पहुंचकर अपना पक्ष रख सकें। यदि तय समय तक संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो नगर निगम द्वारा संबंधित दुकानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम अधिकारियों ने साफ कहा है कि सभी दुकानदारों को दो दिन का समय इसलिए दिया गया है, ताकि वे अपनी मशीनें और सडक़ पर रखा सामान स्वयं हटा लें। यदि तय समय के भीतर सामान और मशीनें नहीं हटाई गईं तो दुकानों को सील करने के साथ-साथ मशीनों और सामान को भी जब्त कर लिया जाएगा। नगर निगम की इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यापारी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही सडक़ पर सामान रखकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी आगे सख्त कदम उठाए जाएंगे। निगम की टीम ने लोहा मंडी में लोहे से संबंधित लगभग सभी दुकानों पर नोटिस चस्पा किए हैं।
