फिल्म प्रोडक्शन व टे्रडिंग के नाम पर 31 करोड़ की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार
फरीदाबाद। फिल्म अभिनेता दिवांशु शर्मा के नाम पर फिल्म प्रोडक्शन व फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर करीब 31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में आर्थिक अपराध शाखा एन.आई.टी. की टीम ने एक दंपत्ति को मुंबई से गिरफ्तार किया है। उक्त दंपत्ति ने लोगों को निवेश के झांसा देकर रुपए एकत्रित किया और फरार हो गए थे। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-88, फरीदाबाद निवासी अमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हिमान्शु शर्मा, एसजीएम नगर में फॉरेक्स एजुकेशन इंस्टीट्यूट नाम से एक कंपनी संचालित करता था।
फॉरेन एक्सचेंज ट्रेडिंग और फिल्मों में पैसा लगाकर हर महीने तीन प्रतिशत तक मुनाफा कमाने के लिये लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करता था और अपने भाई दिवान्शु शर्मा (फिल्म अभिनेता) के नाम और फिल्मों का हवाला देकर लोगों का विश्वास जीतता था। वर्ष 2019 से आरोपीगण ने अलग-अलग लोगों से करोड़ों रुपये निवेश करवाये। शुरुआत में निवेशकों को मुनाफा देकर भरोसे में लिया गया तथा बाद में बड़ी रकम एकत्रित की गई। वर्ष 2020 में ‘मैसर्स करेंसी कंसलटेंट प्राइवेट लिमिटेड’ नाम से एक नई कंपनी नेहरू प्लेस, नई दिल्ली में खोली और निवेशकों से और अधिक धनराशि एकत्रित की।
कुछ समय तक मुनाफा देने के बाद मई 2023 में आरोपी अपने कार्यालय व घर बंद कर परिवार सहित फरार हो गए। इस दौरान अलग-अलग लोगों से करीब 31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। शिकायत पर थाना एसजीएम नगर में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि घटनाक्रम के संबंध में आर्थिक अपराध शाखा एन.आई.टी. की टीम ने हिमांशु शर्मा निवासी एस.जी.एम नगर व उसकी पत्नी को 19 मई को मुंबई से गिरफ्तार कर दो दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लिया और पूछताछ की। पुलिस ने गुरुवार उन्हें फरीदाबाद की अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
